
जोधपुर . जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर एवं संभाग के जोधपुर, जैसलमेर , जालोर, पाली एवं बाड़मेर जिले के बीएड प्रथम वर्ष और बीएड द्वितीय वर्ष के नियमित एवं भूतपूर्व विद्यार्थी शुक्रवार से परीक्षा आवेदन पत्र भर सकेंगे। वे विवि की वेबसाइट पर 31 मार्च तक बगैर विलम्ब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद सात अप्रेल तक पचास रुपए विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन जमा होंगे। परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेताराम बिश्नोई ने बताया कि छात्र बीएड प्रकोष्ठ/संबंधित महाविद्यालयों से आवेदन जांच करवाने के पश्चात् ही शुल्क जमा करावें। आवेदक आईसीआईआई बैंक एवं अन्य बैंकों के एनईएफटी/आरटीजीएस सेवा नेट बैंकिगं (डेबिट कार्ड एवं क्रेडिट कार्ड) से भी शुल्क जमा करवा सकता है। इसके बाद विद्यार्थियों को आवेदन की हार्ड कॉपी, शुल्क जमा की प्रति, शैक्षणिक दस्तावेजों की स्व प्रमाणित प्रतियों को संबंधित महाविद्यालयों में जमा करवाना होगा। सभी अधिष्ठाता/प्राचार्य/अग्रेषण अधिकारी छात्रों के आवेदन पत्र ऑनलाइन प्रमाणित करके विश्वविद्यालय को 17 अप्रेल तक जमा करवाएंगे। नियत तिथि के पश्चात् यदि कोई आवेदन पत्र जमा नही होता है तो इसकी सम्पूर्ण रूप से जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। एमएड के आवेदन २६ तक एमएड तृतीय सेमेस्टर के लिए परीक्षा आवेदन बिना विलम्ब शुल्क से 26 मार्च तक और पच्चास रूपए विलम्ब शुल्क से 31 मार्च तक ऑनलाइन भर सकते हैं। प्रो. विश्नोई ने बताया कि एलएलबी प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के परीक्षा की विस्तार से प्रश्नपत्रवार समय सारणी ऑनलाईन जारी की गई है।
बीसीए की परीक्षा 5 अप्रेल से
बीसीए प्रथम वर्ष की परीक्षा 5 अप्रेल से, द्वितीय वर्ष की 4 अप्रेल से और बीसीए तृतीय वर्ष की 2 अप्रेल से शुरू होगी। इनकी विस्तार से प्रश्न पत्रवार समय सारणी शनिवार की शाम तक ऑनलाइन जारी कर दी जाएगी। इनके प्रवेश पत्र 26 मार्च की शाम तक ऑनलाइन जारी होंगे।