जोधपुर. मानसून पहुंचने के बावजूद बुधवार को प्रदेश के तीन स्थानों जोधपुर, फलोदी और जैसलमेर में लू (हीटवेव) रिकॉर्ड की गई। जैसलमेर में पारा 43.5, फलोदी में 43.2 और जोधपुर में 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जोधपुर और जैसलमेर में पारा सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। भीषण उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। इंसानों के साथ पशु पक्षी भी छटपटाने लगे।लू चलने के बाद शाम को जोधपुर में मौसम पलटा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन इससे मामूली राहत ही मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक दो दिन में बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने से बारिश की उम्मीद है।