
अब युवती का आरोप, अश्लील वीडियो बना यौन शोषण किया
जोधपुर.
प्रेम जाल में फंसकर ३३ लाख रुपए गंवाने का आरोप लगाने वाले युवक के खिलाफ अब युवती ने बलात्कार और यौन शोषण करने का आरोप लगाकर सोमवार को महामंदिर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। आरोप है कि नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर उसके साथ बलात्कार और अश्लील फोटो व वीडियो बनाए गए।
पुलिस के अनुसार युवती की शिकायत पर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के खिलाफ बलात्कार, ब्लैकमेलिंग कर यौन शोषण करने का मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि वर्ष 2018 में उसकी जान-पहचान साइबर कैफे संचालक युवक से हुई थी। फिर युवक ने मित्रता करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया था। कुछ समय बाद युवती इंटीरियर डिजाइनिंग का पाठ्यक्रम करने के लिए मुम्बई चली गई थी, जहां किराए पर रहने लगी थी। इसका पता लगा तो युवक भी मुम्बई पहुंच गया था। उसके दबाव में आकर युवती युवक के बताए फ्लैट में रहने लगी थी। युवक ने खुद का जन्मदिन बताकर एक पार्टी में बुलाया, जहां उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ पिला दिया था। बेहोश होने पर अश्लील वीडियो बना दिए। इससे वह ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने लग गया था। युवक ने उससे १.३० लाख रुपए भी लिए थे।
युवती कुछ समय बाद जोधपुर आई तो यहां भी युवक उससे ब्लैकमेल करने लग गया था। उसने ब्लैकमेल कर अश्लील वीडियो के बदले पचास लाख रुपए मांगे थे।
गौरतलब है कि युवक ने गत शुक्रवार को युवती के खिलाफ प्रेम जाल में फांसकर ३३ लाख रुपए एेंठने का मामला दर्ज कराया था।
Published on:
06 Oct 2020 06:45 am
