16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर
RAJASTHAN: चक्रवाती तंत्रों से घिरा राजस्थान
Play video

RAJASTHAN: चक्रवाती तंत्रों से घिरा राजस्थान

अगले 24 घण्टे तक प्रदेश में आंधी और बौछारें पडऩे का पूर्वानुमान तीन-चार दिन बाद लू चलने की भी आशंका

Google source verification

जोधपुर . भूमध्यसागर से आ रही हवा और प्रदेश के आस-पास बने चक्रवाती परिसंचारी तंत्रों की वजह से राजस्थान में अगले 24 घण्टे में कुछ स्थानों पर तेज धूलभरी हवा चलने और गर्जना के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हवा की गति सामान्य से काफी अधिक रहेगी। बड़े आंधी-तूफान आने की संभावना नहीं है। तीन-चार दिनों बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने से जोधपुर, जैसलमेर , बाड़मेर, बीकानेर , चूरू, नागौर सहित थार प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका है।

देश के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसकी दिशा राजस्थान की ओर है। पाकिस्तान के केंद्रीय हिस्से और प्रदेश से लगती सीमा के समानांतर चक्रवाती परिसंचारी तंत्र भी बना हुआ है, जो काफी ऊंचाई पर है। एक निम्न ऊंचाई का चक्रवाती तंत्र दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान के ऊपर है। उधर, अरब सागर के दक्षिणी हिस्से में डीप डिप्रेशन पैदा हो रहा है। इसकी दिशा ओमान-मस्कट की ओर है। इन सभी कारणों से राजस्थान सहित अन्य उत्तरी राज्यों में आंधी व बरसात आ सकती है।

जोधपुर क्षेत्र में उमस भरी तपिश

जोधपुर सहित समूचे थार प्रदेश में सोमवार को तपिश भरी गर्मी रही। न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से आसमान में ऊंचाई पर बादल छाए हुए थे जिसकी वजह से धूप छनकर आ रही थी। हवा में नमी का स्तर पचास फीसदी होने से उमस रही। दिन चढऩे के साथ उमस बढ़ती गई और शहरवासी हलकान होने लगे। दोपहर में तापमान 42.2 डिग्री पर पहुंच गया। चिपचिपी गर्मी लोगों को बेहाल कर दिया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी एेसा ही मौसम बना रहा। हवा के साथ उड़ती धूप, तपते आसमान और आंशिक आर्द्र मौसम ने लोगों को परेशान रखा। शाम ढलने के बाद गर्मी से कुछ राहत मिलनी शुरू हुई। बाड़मेर और जैसलमेर में भी तेज गर्मी रही। जैसलमेर में रात का तापमान 30.3 और दिन का 43.6 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 29.7 और अधिकतम 43.5 डिग्री मापा गया।