
जोधपुर . आरटीआई कार्यकर्ता नंदलाल व्यास की गिरफ्तारी पर ब्राह्मण समाज विरोध में उतर आया है। समाज के लोगों ने रविवार दोपहर जालोरी गेट के भीतर पुष्टिकर स्कूल में बैठक की और फिर जालोरी गेट सर्किल पहुंच कर मानव श्रृंखला बना रास्ता रोक कर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाज के लोग दोपहर में पुष्टिकर स्कूल में एकत्रित हुए और आरटीआई कार्यकर्ता नंदलाल व्यास की गिरफ्तारी का विरोध जताया। समाज के लोगों ने पुलिस कार्रवाई को जानबूझ कर की गई कार्रवाई बताया। उन्होंने मामले की जांच सीआईडी सीबी से करवाने के आदेश होने के बाद गिरफ्तार करने पर सवालिया निशान उठाए। स्कूल में सभा के बाद सभी पैदल ही जालोरी गेट सर्किल पर जहां पुलिस कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी की और मानव श्रृंखला बनाकर रास्ता रोका बाद में युवकों ने सर्किल पर पुलिस कमिश्नर का पुतला भी जलाया। इस दौरान पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा।