
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा। फोटो- पत्रिका नेटवर्क
जोधपुर। राजस्थान में आज एक खास शाही अंदाज में दो चर्चित आईपीएस अफसर विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी जोधपुर में पूरे पारंपरिक रंग और आधुनिक अंदाज के साथ चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली की एएसपी अंशिका वर्मा रविवार को जोधपुर में सात फेरे लेंगे। इससे पहले बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना स्थित बिश्नोई के निवास पर शादी की रस्में धूमधाम से पूरी की गईं। शनिवार रात बारात सभा का आयोजन हुआ, जिसमें बिश्नोई पारंपरिक जोधपुरी सूट, पगड़ी और कृपाण के साथ राजस्थानी वेशभूषा में नजर आए। काला चश्मा लगाए उनका अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा।
मेहंदी और संगीत समारोह में भी दोनों अफसरों का खास अंदाज देखने को मिला। बिश्नोई ने दोस्तों और परिवार के साथ राजस्थानी और फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया। सगाई और रिंग सेरेमनी के दौरान भी दोनों ने मंच पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। एक मौके पर बिश्नोई ने अंशिका को गोद में उठाया, जिस पर मेहमानों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। उन्होंने अपने पिता के साथ भी डांस कर सभी का दिल जीत लिया।
रविवार को बिश्नोई दूल्हा बनकर पारंपरिक रीति-रिवाज निभाने के बाद घोड़ी पर सवार होकर बारात के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। बारात के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर परिजनों और महिलाओं ने नृत्य किया, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया। जोधपुर के एक प्रसिद्ध होटल में आज दोनों सात फेरे लेकर जीवनसाथी बनेंगे। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर में ही भव्य रिसेप्शन का आयोजन होगा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
कृष्ण कुमार बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में संभल में एसपी पद पर कार्यरत हैं। वे बाड़मेर के धोरीमन्ना के मूल निवासी हैं और किसान परिवार से आते हैं। वहीं अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और बरेली में एसपी (साउथ) के पद पर कार्यरत हैं। वे प्रयागराज की निवासी हैं।
Updated on:
29 Mar 2026 09:29 pm
Published on:
29 Mar 2026 06:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
