
जोधपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से रविवार से द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन सामान्य ज्ञान का पर्चा था। प्रश्न पत्र में औसत दर्जे के सवाल पूछे गए। सोमवार से ऐच्छिक विषयों की परीक्षाएं शुरू होगी। पहले दिन सामाजिक विज्ञान और गणित का प्रश्न पत्र होगा। ये परीक्षाएं दो नवम्बर तक चलेगी।
द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए जोधपुर में 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक एक ही पारी में संचालित की गई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 20 हजार 945 परीक्षार्थियों में 16 हजार 800 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। करीब 19 फीसदी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सरकारी स्कूलों में बनाए गए बीस परीक्षा केंद्रों पर एक एक राजकीय पर्यवेक्षक और निजी स्कूल परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई। परीक्षा में नकल की रोकथाम के लिए 13 उडऩदस्ते गठित किए गए। परीक्षा के पहले दिन नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
परीक्षा नियंत्रण कक्ष के प्रभारी उप जिला शिक्षा अधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि सोमवार को दो विषयों की एच्छिक परीक्षा है। सुबह की पारी में 9 से 11.30 बजे तक सामाजिक विज्ञान का पर्चा होगा जबकि दोपहर की पारी में 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक गणित का प्रश्न पत्र होगा।
परीक्षा दो नवम्बर तक आयोजित की जाएगी। इसके जरिए स्कूलों में विभिन्न विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। पंजाबी विषय में 89, हिंदी में 1507, गणित में, 699, उर्दू में 117, संस्कृत में 1952, अंग्रेजी में 788, सामाजिक विज्ञान में 1878, सिंधी में 4 और विज्ञान में 1128 शिक्षकों के पद भरे जाएंगे।