4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RPSC SI Exam: एसआई भर्ती परीक्षा से पहले बड़ी लापरवाही, पेपर बॉक्स की फोटो वायरल, कर्मचारी निलंबित

SI Exam: जोधपुर में एसआई भर्ती परीक्षा से पहले सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। पेपर बॉक्स की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया।

2 min read
Google source verification
Jodhpur SI exam news, Rajasthan SI recruitment 2025, exam paper leak alert Rajasthan, Jodhpur breaking news, Rajasthan exam security lapse, SI exam Rajasthan update, Jodhpur collector office news, Rajasthan education department news, exam paper security issue India, Jodhpur local news update, Rajasthan recruitment exam news, SI exam controversy Rajasthan, government exam security India, Jodhpur police investigation news, Rajasthan latest news exam

परीक्षा के पेपर रखे स्टील बॉक्स। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। एसआई भर्ती परीक्षा-2025 शुरू होने से पहले ही पेपर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। परीक्षा के पेपर रखे स्टील बॉक्स की फोटो सोशल मीडिया पर सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हरकत में आया शिक्षा विभाग

जानकारी के अनुसार, परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी में लगे कर्मचारी दीपक गहलोत ने पेपर बॉक्स को कोषालय में रखते समय उसकी फोटो खींचकर अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगा दी। फोटो सामने आते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया और जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया।

उदयमंदिर थाने में मामला दर्ज

मामले को गंभीर मानते हुए उदयमंदिर थाने में भी कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। एडीएम अंजुम ताहिर शमा ने बताया कि शहर में एसआई भर्ती परीक्षा के लिए 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार शाम को प्रश्न पत्रों को स्टील बॉक्स में पैक कर कोषागार में सुरक्षित रखवाया गया था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने फोटो लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

यह कर्मचारी जोधपुर के भोपालगढ़ तहसील स्थित एक सरकारी स्कूल में कंप्यूटर अनुदेशक के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में डेपुटेशन पर कलक्ट्रेट में तैनात था। लापरवाही सामने आने के बाद मामले की जानकारी तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी को दी गई, जिन्होंने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर दिया।

अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी

परीक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि ऐसा कोई भी कृत्य न हो, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठें। उल्लेखनीय है कि एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में सामने आई अनियमितताओं के बाद सरकार इस बार एसआई भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है और सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।