
जमानत पर छूटते ही ट्रेन से बैग चुराया, फिर गिरफ्तार
जोधपुर.
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार एक यात्री का बैग चुराने के मामले में रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके घर से चोरी का बैग, 89 हजार रुपए व कीमती कपड़े आदि बरामद किए गए हैं। आरोपी सात दिन पहले मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
थानाधिकारी किशनसिंह चारण ने बताया कि भोजासर थानान्तर्गत पडि़याल में रड़का बेरा निवासी सोनाराम पुत्र हीराराम बिश्नोई सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन में बांद्रा से जोधपुर आ रहा था। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका एक बैग चुरा लिया। जिसमें 89 हजार रुपए व कीमती कपड़े रखे थे। बैग न मिलने पर यात्री ने ट्रेन व प्लेटफॉर्म पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। सोनाराम ने जीआरपी थाने में सूचना देकर चोरी का मामला दर्ज कराया। सीसीटीवी फुटेज व संदिग्धों से पड़ताल के बाद जीआरपी ने महामंदिर रेलवे स्टेशन के पास मिरासनी कॉलोनी निवासी मोहम्मद मोहसिन उर्फ छोटू (20) पुत्र मोहम्मद अहसान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मकान की तलाशी ली गई तो चोरी का बैग, 89 हजार रुपए व कीमती कपड़े बरामद हो गए। आरोपी शातिर नकबजन है और उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Published on:
21 Sep 2020, 7:00 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.