
जिक्र हो रहा है।
जोधपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के दौरान संघर्ष के बाद जोधपुर एम्स में सलेक्ट होने वाले मध्यप्रदेश के देवास के गरीब घर के मेधावी विद्यार्थी आसाराम चौधरी की तारीफ की है। खबरों में बताया जा रहा है कि वह कचरा बीनने वाले का बेटा है, लेकिन आसाराम खेतों में काम करने वाले मजदूर का बेटा है। मोदी ने कई महापुरुषों और आने वाले गणेश महोत्सव के बारे में भी पर्यावरण अनुकूल बनाने की अपील की। उन्होंने जोधपुर एम्स का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के गरीब व्यक्ति के पुत्र आसाराम ने अपनी मेहनत से पढ़ाई कर एम्स में पहला स्थान बनाया। अगर आप भी ऐसे ही पढ़ाई करें तो आप जो चाहें वह हासिल कर सकते हैं।
लोगों ने देखा लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात लाइव सुनने का कार्यक्रम जोधपुर नगर निगम में महापौर कक्ष में रखा गया। केंद्रीय राज्य मंत्री व जोधपुर सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत और महापौर घनश्याम ओझा के साथ शिक्षा से जुड़े लोगों ने यह कार्यक्रम सुना। मन की बात कार्यक्रम के बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शेखावत और महापौर ओझा ने शिक्षण संस्थाओं से जुड़े लोगों से अपने यहां इन बातों को विद्यार्थियों को बताने की अपील की। जोधपुर एम्स के विद्यार्थी आसाराम और जोधपुर एम्स में डीन डॉ. सुरजीत घटक ने इस पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे जोधपुर और जोधपुर एम्स के लिए गर्व और खुशी की बात करार दिया है। घटक ने कहा कि एम्स आसाराम के लिए हर संभव सहयोग करने का प्रयास करेगा।
पहले भी हो चुका है जिक्र
ध्यान रहे कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी अपने रेडियो प्रोग्राम मन की बात कार्यक्रम में जोधपुर का जिक्र कर चुके हैं। कुछ अरसा पहले उन्होंने जोधपुर के संतोष गिरि और बाद में जोधपुर की चांद बावड़ी का जिक्र किया था। उन्होंने २२ मई २०१६ को शिक्षा संम्बंधित रिजल्ट में जोधपुर के संतोषगिरि गोस्वामी का जिक्र किया था, जिसमें यह बताया गया था कि बच्चे परीक्षा में फेल हो जाते हैं और एेसे बच्चों को निराश, मायूस नहीं होना चाहिए। एेसे में वो कोई गलत कदम उठा लेते हैं, एेसा नहीं करना चाहिए। इसके बाद हाल ही में उन्होंने जोधपुर के परंपरागत जलस्रोत चांद बावड़ी का उल्लेख किया था।