
खातों से रुपए निकाले, एफडीआर भी तोड़ी
जोधपुर. शातिर ठग ने मण्डोर थानान्तर्गत माता का थान क्षेत्र के शिक्षक नगर में एक महिला को कॉल कर झांसे में लिया और लिंक भेज विभिन्न बैंक खातों से साढ़े चार लाख रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं, एक एफडीआर भी तोड़ दी गई।
पुलिस ने बताया कि मूलत: कोसाना हाल माता का थान में शिक्षक नगर निवासी बसंतीदेवी पत्नी हनुमानराम जाट के बैंक खातों से साढ़े चार लाख रुपए निकाले गए हैं। गत चार अगस्त को बसंतीदेवी के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल किया। बातों में उलझा कर ठग ने महिला से बैंक खाता नम्बर की जानकारी ले ली। साथ ही मोबाइल में लिंक भी भेजा। जिस पर क्लिक करते ही महिला के अलग-अग बैंक खातों से साढ़े चार लाख रुपए निकाल लिए गए। महिला को रुपए की जरूरत हुई तो वह बैंक पहुंची, जहां उसे बैंक खातों से रुपए निकाले जाने का पता लगा। ठगों ने एसबीआइ में एक एफडीआर भी तोडक़र रुपए निकाल लिए।
खाता ट्रांसफर करवाना था, 48 हजार गंवा दिए
ऑनलाइन ठगी की एक अन्य वारदात रातानाडा एयरफोर्स क्षेत्र की फॉर फिंगर कॉलोनी में हुई। बालाराम पुत्र लिखमाराम सुथार ने १७ सितम्बर को निजी बैंक खाते को सिकन्दराबाद से जोधपुर स्थानान्तरित करवाने के लिए गूगल पर नम्बर सर्च किए। फिर एक नम्बर पर उसने बात की। उस व्यक्ति ने बालाराम को एनडेस्क एप डाउनलोउ करवाया। साथ ही ओटीपी नम्बर भी शेयर कर दिए। इतना करते ही बालाराम का मोबइाल ठग के नियंत्रण में आ गया और उसने दो बैंक खातों से 48256 रुपए निकाल लिए।
Published on:
03 Oct 2020 09:07 pm
