
एम्स हॉस्पिटल के बाहर धरने पर बैठे परिजन व समाज के लोग। फोटो पत्रिका
जोधपुर। कमिश्नरेट के बासनी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। लड़की को भगा ले जाने के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक ने थाने के भीतर ही विषाक्त पदार्थ खा लिया। पुलिस उसे तत्काल एम्स अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एम्स मोर्चरी के बाहर परिजनों और समाज के लोगों धरने पर बैठ गए। वे पुलिस पर कार्रवाई और आश्रित को सरकारी नौकरी, मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। स्थिति को संभालने के लिए बुधवार दोपहर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की।
थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि 4 जून को एक युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड में सांगरिया निवासी अमृत दास और युवती के बीच लंबी बातचीत सामने आई थी। इसी आधार पर अमृत दास को मंगलवार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, अमृत थाने के एक कमरे में बैठा था। इसी दौरान उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ते ही पुलिसकर्मी उसे तत्काल जोधपुर एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन करीब ढाई घंटे बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी कराए गए थे।
मृतक के भाई जितेन्द्र ने पुलिस पर उसके भाई को परेशान करने का आरोप लगाया। जितेन्द्र ने कहा कि पुलिस कई दिन से पूछताछ के लिए बुला रही थी। इस कारण वह परेशान हो गया था। मृतक के चाचा दलपत ने आरोप लगाया कि थाने के एक हेड कांस्टेबल ने अमृत को फोन पर धमकाया था कि युवती नहीं मिली तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
परिजनों का यह भी कहना है कि अमृत के साथ बासनी थाने पहुंचे तो वहां युवती के परिजन भी मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने अमृत के साथ मारपीट की। पुलिस पर बिना गिरफ्तारी उसे थाने में बैठाकर रखने का भी परिजनों ने आरोप लगाया।
इस घटनाक्रम के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोग एम्स की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए। वे पुलिस पर कार्रवाई और आश्रित को सरकारी नौकरी, मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ, घटना के बाद यह बात भी सामने आई कि अमृत ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर युवती के पिता को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में एम्स की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया।
Updated on:
17 Jun 2026 04:53 pm
Published on:
17 Jun 2026 04:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
