
तो क्या वाकई 30 अक्टूबर तक हो जाएगा सड़कों का ‘ब्यूटीफिकेशन’
कानपुर। बारिश में सड़कों की खराब दशा को देखते हुए सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. मंगलवार को सर्किट हाउस में सड़क, बिजली, पानी आदि की समस्याओं के संबंध में सभी विभागों के साथ उन्होंने बैठक की. पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता से कड़े शब्दों में कहाकि पीडब्ल्यूडी की ओर से बनी सड़कें मस्टर रोल बनाने के बाद ही निर्माण हो. सड़क मानक के मुताबिक 2 वर्ष तक टूटने न पाए. सड़क टूटती है तो उसे तुरंत बनाया जाए. शहर की सड़कों को हर हाल में 30 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त किया जाए.
दिया ऐसा निर्देश
डॉ. जोशी ने एसएसपी अखिलेश कुमार से कहा कि पुलिस 24 घंटे एक्टिव मोड पर रहे. इस बात में कोई दो राय नहीं है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए. इस बारे में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा को निर्देश दिया गया कि बारिश में नगर निगम के सभी जोनल अधिकारी फील्ड पर दिखें. इसी के साथ कहीं भी जलभराव न होने पाए इस बात को भी सुनिश्चित करें. डॉ. जोशी ने कहा कि जो भी कार्य हो वह सही हो कागज पर कार्य न हो.
जांच के भी दिए निर्देश
इसके अलावा उन्होंने जल निगम के कार्यों की समीक्षा में निर्देश भी दिए कि पेयजल व्यवस्था के लिए जो भी कार्य किए गए हैं. उसे पूरा करते हुए तीनों टाइम जलापूर्ति कराई जाए. महापौर प्रमिला पांडेय ने शारदा नगर में बनी पानी की टंकी का मुद्दा भी उठाया. इस मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि सालों से टंकी बनकर तैयार है, लेकिन जलापूर्ति नहीं की गई. इस पर डॉ. जोशी ने डीएम विजय विश्वास पंत को जांच के निर्देश दिए हैं.
केस्को एमडी को भी दिए निर्देश
इसके अलावा उन्होंने केस्को एमडी सौम्या अग्रवाल के लिए भी निर्देश जारी किया. इस क्रम में उन्होंने कहा कि बिजली चोरी को रोकने के लिए अभियान चलाया जाए. इस अभियान में सख्ती नजर आनी चाहिए ताकि लोग बिजली चोरी करने से डरें.
Updated on:
16 Aug 2018 11:28 am
Published on:
16 Aug 2018 11:28 am
