17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कमल खिलाने के लिए बनी रणनीति, निकाय-लोकसभा की सभी सीटें जीतेगी बीजेपी : प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने मीडिया को सम्बोधित किया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कानपुर

•

image

Abhishek Gupta

•

Updated: 12 Oct 2017, 9:30 PM IST

Mahendra Nath Pandey

Mahendra Nath Pandey

कानपुर। भाजपा कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने मीडिया को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब से प्रदेश की सत्ता संभाली है, तब से यहां सुशासन सही मायने में दिख रहा है। सीएम ने वन डिस्ट्रिक, वन योजना का शुभारम्भ किया है जिसके तहत जिले के नामचीन उद्योग को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार देने के दरवाजे खोल दिए हैं। निकाय के साथ ही सहकारिता चुनाव को पार्टी गंभीरता से ले रही है और आज की बैठक में इस पर भी मंथन किया गया। बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और लोकसभा की सभी 80 की 80 सीटें जीतने के लिए जमीन तैयार करेंगे।

बेदाग कैंडीडेट्स को मिलेगा टिकट-
भारतीय जनता पार्टी कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का समापन देर शाम कानपुर के भौंती स्थित पीएसआईटी कॉलेज में सम्पन्न हुआ। यहां पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व सूबे के अधिकतर मंत्रियों के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष व संगठन के पदाधिकारी ने निकाय के साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर करीब छह घंटे तक चर्चा की। बैठक के बाद महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पार्टी निकाय चुनाव को गंभीरता से ले रही है और सभी नगर निगम, नगर पालिक, पार्षद व सभासदों की सीटें जीतने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की पार्टी निकाय चुनाव को रिहर्सल के तौर पर देखकर लोकसभा की तैयारी कर रही है। बीजेपी यूपी की सभी 80 की 80 सीटों पर कमल खिलाने के लिए आज की बैठक में विधिवत रणनीति बनाई गई। निकाय में इमानदार और बेदाग कैंडीडेट्स को टिकट देगी।

अयोध्या में फिर बैठेंगे सभी
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि यूपी सरकार 18 अगस्त को अयोध्या में छोटी दीपावली मनाएगी। यहां केंद्र व राज्यों के सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, मंत्री व नेता मौजूद रहेंगे। पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा ने सहकारिता का दुरूपयोग कर इसको अपनी कमाई का जरिया बनाया। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सहकारिता में पारदर्शिता लाने का काम योगी सरकार कर रही है। पूर्व की सरकारों ने जनता के पैसे के साथ जमकर बंदरबाट किया। सपा सरकार के दौरान थाने गुंडे माफिया चला रहे थे। सपा से जुड़े अराजकतत्व गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे थे। योगी सरकार ऐसे भूमाफियाओं को चिन्हित कर जेल भेज रही है।

हां, कानपुर पार्टी के लिए लकी, विपक्ष मुद्दाविहीन-
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव का अगाज गंगा के किनारे बसे शहर कानपुर से किया। जिसके चलते पार्टी को जबरदस्त सफलता मिली। हम निकाय चुनाव के पहले एक बार फिर यहां बैठे और हमें सौ फीसदी उम्मीद है कि निकाय में भी कमल ही खिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा हर चुनाव में पार्टी का परचम फहराएगा क्योंकि विकास की गंगा प्रदेश में बहनी शुरू हो चुकी है। सहकारिता में पार्टी अभी तक केवल चुनाव लड़ती थी अब उसने संघ तक संगठन खड़ा कर लिया। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनप्रिय नीतियों से आमजन राहत महसूस कर रहा है। सबका साथ, सबका विकास फार्मूले पर संगठन पूरी तरह सक्रिय है। विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुकी है। इसका फायदा पार्टी को मिलना तय है।