27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

15 अक्टूबर की डेडलाइन भी हुई खत्म, अभी भी सड़कों पर नहीं भरे गड्ढों के जख्म्

शहर की आधी से ज्यादा टूटी सड़कों ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्या के बड़े-बड़े दावों की भी हवा निकाल दी. अब देखिए न, सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सीएम, डिप्टी सीएम से लेकर मुख्य सचिव ने 15 अक्टूबर तक का वक्त दिया था, लेकिन जिम्मेदार विभाग डेडलाइन बीतने के बाद भी शहर की आधी सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं कर सके.

2 min read
Google source verification
Kanpur

15 अक्टूबर की डेडलाइन भी हुई खत्म, अभी भी सड़कों पर नहीं भरे गड्ढों के जख्म्

कानपुर। शहर की आधी से ज्यादा टूटी सड़कों ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्या के बड़े-बड़े दावों की भी हवा निकाल दी. अब देखिए न, सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सीएम, डिप्टी सीएम से लेकर मुख्य सचिव ने 15 अक्टूबर तक का वक्त दिया था, लेकिन जिम्मेदार विभाग डेडलाइन बीतने के बाद भी शहर की आधी सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं कर सके. सड़कों में आधा-आधा फुट तक के गड्ढे अभी भी हैं. इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात तो ये है कि पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, आवास विकास, केडीए सहित अन्य विभाग इस अभियान के नाम पर 100 करोड़ रुपए से भी ज्यादा खर्च कर चुके हैं. इतना पैसा खर्च होने के बाद भी सड़कों का बुरा हाल है तो आखिर पैसा गया कहां. ज़रा सोचिए.

हो चुकी है समीक्षा बैठक भी
सीएम योगी आदित्यनाथ भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने की समीक्षा बैठक कर चुके हैं. इसमें उन्हें सबकुछ ठीक लगा, क्योंकि उनकी आंखों में धूल झोंकने के लिए अधिकारियों ने कागजों में सड़कों को अच्छे तरीके से गड्ढा मुक्त कर रखा है. वहीं हकीकत ये है कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों की हालत बेहद खराब स्थिति में है. इनकी ओर से किए गए पैचवर्क उखड़ चुके हैं. पीडब्ल्यूडी पैचवर्क के लिए अभी तक लगभग 45 करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च कर चुका है. यही हाल नगर निगम का है, सड़कों से गड्ढों को मिटाने के लिए अभी तक 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम खर्च की जा चुकी है.

अधिकारियों ने भी सड़कों से मुंह फेरा
पिछले दिनों अपर मुख्य सचिव व कानपुर के नोडल अधिकारी आलोक सिन्हा शहर में थे. नरवल तहसील में उन्होंने सभी विभागों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की, लेकिन सड़कों के बारे में विभागों से अपडेट तक नहीं लिया. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सड़कों को लेकर किसी भी विभाग से कोई चर्चा नहीं की.

इन सड़कों पर अभी भी हैं बड़े-बड़े गड्ढे
रोशन नगर से कल्याणपुर को जाने वाली सड़क, 11 नंबर गुमटी क्रॉसिंग से झंडा चौराहा सड़क, फजलगंज से जरीबचौकी चौराहा तक की सड़क, जीटी रोड अनवरगंज स्टेशन के सामने की सड़क, मरियमपुर चौराहे से नरेंद्र मोहन सेतु तक की सड़क, रावतपुर से डबल पुलिया चौराहे तक की सड़क, कल्याणपुर क्रॉसिंग से शिवली रोड तक की सड़क अभी भी बुरी हालत में है.

ऐसा कहना है नगर आयुक्‍त का
इस बारे में नगर आयुक्‍त संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए लगातार पैचवर्क किया जा रहा है. इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढील नहीं बरती जा रही है. जल्द ही नगर निगम की सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी.