
कानपुर में बांसमंडी स्थित एआर टावर में भीषण आग के बीच अफसरों से युवक का पता लगाने की गुहार लगाते परिजन।
कानपुर में बांसमंडी स्थित एआर टावर में गुरुवार देर रात करीब दो बजे आग लगने से छह कॉम्प्लेक्स की आठ सौ दुकानें राख हो गई हैं। इसके साथ ही एक युवक लापता बताया जा रहा है। कानपुर में यह कपड़े का सबसे बड़ा बाजार है। यहां आग लगने से अरबों रुपए के नुकसान की आशंका है। इसकी जानकारी मिलते ही पूरा प्रशासन हरकत में आ गया।
सेना, एयरफोर्स, पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने मोर्चा संभाला है। कानपुर, उन्नाव, लखनऊ समेत आस-पास के कई जिलों की 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं। होलसेल मार्केट में लगी आग 15 घंटे बाद भी नहीं बुझाई जा सकी है। एआर कॉम्प्लेक्स में रुके एक शख्स के लापता होने की जानकारी सामने आई है।
तेज हवाओं से विकराल हुई आग
आग सबसे पहले एआर टावर में दुकानों के बाहर रखे सामान में लगी। तेज हवाओं के कारण आग ने पल भर में ही कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद देखते ही देखते पूरा तीन मंजिला टावर धधकने लगा। इसके बाद आग हमराज कॉम्प्लेक्स, नफीस टावर, अर्जन कॉम्प्लेक्स, मसूद कॉम्प्लेक्स और सुपर हमराज कॉम्प्लेक्स तक फैल गई। इन 6 कॉम्प्लेक्स से आग की लपटें और धुआं अभी भी उठ रहा है।
आसपास के जिलों से बुलाई गई फायर ब्रिगेड
कानपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जिलों की 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं। सेना के साथ एयर फोर्स की टीम भी आग पर काबू पाने में जुटी है। कानपुर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड, जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी और DM मौके पर मौजूद हैं।
एक किलोमीटर के एरिया को सील किया गया
कानपुर बांसमंडी में अग्निकांड के चलते करीब 1 किमी का दायरा सील कर दिया गया है। कोपरगंज चौराहा, बांसमंडी चौराहा और डिप्टी पड़ाव चौराहा से बांसमंडी कपड़ा बाजार को जाने वाले सभी रास्तों को बैरिकेड कर दिया गया है।
एआर टावर में रुका एक व्यक्ति लापता
एआर टावर में काम करने वाले ज्ञान चंद लापता हैं। उनकी पत्नी का कहना है कि अभी उनका पता नहीं चल सका है। ज्ञान चंद से साथी ने बताया कि हम 6-7 लोग चौथे फ्लोर पर रात 12 बजे सोने गए थे। एक बजे के बाद आग लगी। आग लगने के बाद हम सभी बाहर आ गए। लेकिन, 40 साल के ज्ञान का पता नहीं चल रहा है। ज्ञान की तलाश के लिए फायर फाइटर्स ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मास्क लगाकर AR टावर में घुसे हैं।
दो हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान
नफीस टावर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) है। इस टावर में भी आग लगी है। आग ने बैंक को भी अपनी चपेट में ले लिया है। व्यापारी रवि शंकर दुबे ने बताया कि 800 से ज्यादा दुकानें जली हैं। आग से 20 अरब यानी दो हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि टीम आग बुझाने में जुटी है। कपड़े की मार्केट है तो आग तेजी से फैली। अगल-बगल लकड़ी की मार्केट है। तंग रास्ते हैं, आसपास काफी बिल्डिंग हैं। ऐसे में आग और न फैले इसका ध्यान रखा जा रहा है।
फायर कमांडेंट अजय कुमार बोले- शाम तक बुझाई जा सकती है आग
फायर कमांडेंट अजय कुमार ने बताया “आग अब बाकी बिल्डिंगों में नहीं फैल रही है। काफी हद तक काबू पा लिया गया है। हाइड्रोलिक मशीन भी लगाई गई है। जिस फ्लोर पर पहुंचने में दिक्कत होती है, वहां हाइड्रोलिक मशीन से फायर फाइटर्स अंदर घुसे हैं। रेस्क्यू जारी है। पहले पूरी तरह आग बुझाने का प्रयास है। इसके बाद टीम अंदर जाएगी। देखा जाएगा कि कोई अंदर फंसा तो नहीं है। ये सब राहत और बचाव काम शाम तक चलता रहेगा।”
Updated on:
31 Mar 2023, 5:12 PM IST
Published on:
31 Mar 2023, 5:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.