
कानपुर। चौबेपुर थानाक्षेत्र के गौरी लक्खा गांव में दशहरा पर्व के दिन सपा व भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पहले दोनों तरफ से हाथा-पाई हुई फिर पथराव शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के नेता व कार्यकर्ताओं को थाने ले आई। पुलिस की मौजूदगी में बीजेपी के नेता ने सपाईयों की जमकर पिटाई कर दी। जिसके चलते दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला बड़ता देख पुलिसवालों ने सपाईयों को थाने से बाहर कर दिया। मामले पर एसएसपी अनंत देव ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए पर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत चुनाव से चली आ रही रंजिश
गौरी लक्खा गांव में भाजपा समर्थक राजेश शुक्ला व समाजवादी पार्टी के समर्थक रामअवतार वर्मा के बीच पंचायत चुनाव को लेकर रंजिश चली आ रही है। कुछ दिनों पहले साधन सहकारी समिति चुनाव में भी टकराव हो गया था। इसी के बाद दोनों एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। शुक्रवार को रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। झगड़े की जानकारी होने पर दोनों पक्षों के समर्थक एकत्र हो गए और लाठियां चलने के बाद पथराव शुरू हो गया। मारपीट में विजय भान वर्मा और राहुल दिवाकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहीं तनाव के चलते गांव में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया।
थाने के अंदर जमकर मारपीट
पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। इसी दौरान सपा नेता ने बीजपी नेता को अपशब् की दिया। जिसके चलते बीजेपी नेता आगबबूला हो गया और अपने समर्थकों के साथ सपाइयों की दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। थाने के अंदर बीजपी समर्थक असलहे लहराते और बंदूक की बटों से सपाईयों को पीटा। थाने में बवाल बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां पटक कर समर्थकों को खदेड़ा। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में दोनों पक्षों के 35 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
पुलिसवालों ने हम पर लाठी भांजी
सपा नेता रामअवतार का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में हमें पीटा गया। खुद पुलिसवालों ने हम पर लाठी भांजी। थानेदार एक बीजपी विधायक के कहने पर हमें पिटवाया है। हम पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को पूरे मामले से अवगत करा चुके हैं। पुलिस ने हमलोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए हैं। सपा नेता ने धमकी देत हुए कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनने के बाद पुलिसवालों की वर्दी उतरवा दी जाएंगी। एसएसपी अनंत देव ने पूरे प्रकरण की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही लापरवाही सामने आने पर थाना पुलिस पर भी कार्रवाई करने का संकेत दिया है।