
धारदार हथियार से किए कई वार (X Photo)
Kanpur Murder Case: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हथीगांव में खेत की रखवाली के दौरान सो रहे 52 साल के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। खेत के ट्यूबवेल के बाहर उनका शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि हमलावरों ने पहले चाकू और खुरपे से कई वार किए, फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने फॉरेंसिक टीम की जांच से पहले शव उठाने का विरोध किया।
जानकारी के मुताबिक, महाराजपुर के हथीगांव निवासी हरीमोहन यादव गांव के अनिल सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल पर रहते थे। वे खेत और ट्यूबवेल की देखरेख करते थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के बाहर उनका शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच में सामने आया कि हरीमोहन की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। पहले उन पर चाकू और खुरपे से कई बार हमला किया गया, इसके बाद धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया।
पुलिस को मौके से शराब की बोतलें और डिस्पोजल ग्लास भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले वहीं बैठकर शराब पी रहे थे और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और हर संभावित एंगल से मामले को देख रही है। हरीमोहन यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और अविवाहित थे। पहले वे अनिल सिंह के ईंट-भट्टे में काम करते थे। बाद में उन्होंने खेत और ट्यूबवेल की रखवाली का काम संभाल लिया था। उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम फैल गया।
डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार ने बताया कि परिजनों ने गांव के अर्जुन गुप्ता, मुलायम यादव और श्याम सरसैया के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर आकर मामले की जांच करे। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। जांच पूरी होने के बाद शव उठाया गया।
पुलिस का कहना है कि हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी का पता लगाने के लिए मृतक के परिवार और अन्य गांव वालों से मृतक के बारे में जानकारी ली जा रही है।
Updated on:
16 Jul 2026 02:27 pm
Published on:
16 Jul 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
