
IPS अनुराग आर्या ने संभाली कमान, इनकाउंटर का हो गया आगाज
कानपुर। पिछले कई माह से कानपुर के साथ ही आसपास के जिलों में अपराधियों ने आतंक मचा रखा है। इनसे निपटने के लिए अब पुलिस ने कमर कस ली है। लूट, मर्डर, रेप, छेड़छाड़, डकैती और चोरी को रोकने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर एसएसपी अखिलेश कुमार ने विशेष टीम ’टार्जन’ गठित की है। एसपी पूर्वी अनुराग आर्य को इसकी कमान सौंपी गई है। दस्ते के गठन के बाद आईपीएस आर्या और उनके स्पेशलिस्ट जांबाज पुलिसकर्मी अपराधियों पर टूट पड़े हैं। शनिवार देर रात नवाबगंज पुलिस और आर्या की टीम के साथ ही सीपीसी माल गोदाम के शातिर हिस्ट्रीशीटर रिजवान अंत्ता व उसके साथी रंजीत गौतम से मुठभेड़ हो गई। गंगाबैराज से इस्कॉन मंदिर के बीच पुलिस फोर्स ने घेरा तो शातिरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रंजीत के पैर में गोली लगी जबकि रिजवान अंधेरे का फायदा उठा खेतों में फरार हो गया। वहीं नौबस्ता में लूट एंड शूट गिरोह के सदस्य संग शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में शातिर सोनू राजपूत को गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी शेरा ने सरेंडर कर दिया। पुलिस की दो कार्रवाई के बाद आयाराम-गयाराम की दुनिया में दहशत है और क्रिमिनल सरेंडर के साथ ही शहर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
एक्शन में आए एसएसपी
सजेती थाने के अंदर दरोगा की हत्या, नौबस्ता में दिनदहाड़े टैम्पो चालक को गोलियों से भून दिया गया, तो वहीं एक महिला के साथ लूटपाट की कोशिश के अलावा अन्य वारदातों को अंजाम देकर अपराधियों ने शहर में खौफ पैदा कर दिया। इनसे निपटने के लिए एसएसपी अखिलेश कुमार ने एसपी अनुराग आर्या की की अगुवाई में एक टीम बनाई है। यह टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर सादी वर्दी में तैनात रहेगी। टीम की कवरिंग थाना पुलिस करेगी। यह टीम रेसिंग बाइक के साथ ही आधुनिक हथियारों से लैस होगी। जिससे अपराधी अत्याधुनिक पावर बाइक से फर्राटा भरकर भाग न सके। असलहा इस्तेमाल करने पर टीम उन्हीं की भाषा में जवाब देगी। इसको लेकर पूर्वी क्षेत्र के आठ थानों में एक दारोगा व सिपाही की टीम बनाई गई है।
सादी वर्दी में मौजूद रहेंगे शूटर
एसपी आर्या की टीम के शूटर शादी वर्दी में आधुनिक हथियारों से लैस रहेंगे और वक्त आने पर अपराधियों का काम तमाम भी कर देंगे। यह टीम बैंक, होटल, ढाबों के साथ ही लूट, टप्पेबाजी प्रभावित क्षेत्र में गश्त करेगी। जिसको थाना पुलिस की एक टीम कवर करेगी। आपात स्थित में इनकी सहायता और पुलिस अधिकारियों को सूचना देगी। इसको लेकर एसपी पूर्वी अनुराग आर्य ने बड़े चौराहे पर सभी थानेदारों को ’टार्जन’ कान्सेप्ट की जानकारी दी। साथ ही बताया कैसे यह टीम काम करेगी? ऐसी ही टीम अन्य थानों में भी बनाई जा रही है। एसपी ने बताया की थानेदार से लेकर बीट सिपाही तक को विशेष निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों तक मुखबिर तंत्र मजूबत करते हुए लूट व असलहा सप्लाई में संलिप्त अपराधियों के साथियों से संपर्क करने को कहा है। जिससे उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
जेल से छूटे अपराधी पर रखेंगे नजर
सभी थानेदारों और पुलिसकर्मियों से खासतौर पर जेल से छूटे अपराधियों की कार्यप्रणाली की जानकारी करने को कहा गया है। इसके लिए बीट सिपाही को जेल से छूटे अपराधियों की पल-पल निगरानी की रिपोर्ट मांगी गई है। एसपी ने बताया कि अपराध व अपराधियों को दबोचने के लिए हमारी टीम पूरी तरह से तैयार है। टीम ने शहर में पिछले छह माह में हुई लूट, टप्पेबाजी और िंहसक घटनाओं के स्थानों को चिन्हित किया है। यहां पर पुलिस की विशेष टीम के साथ खुफिया को भी सक्रिय किया है। जिससे अपराधियों की धरपकड़ की जा सके। खास तौर पर हाईवे किनारे, बैंक व बाजारों की लिंक रोड पर विशेष नजर है। एसपी ने बताया कि टीम के साथ थाना पुलिस भी अब सक्रिय हो गई है और इसी के चलते 24 घंटे के अंदर तीन अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया है।
गंगाबैराज के पास मुठभेड़
देररात नवाबगंज थाने की पुलिस को सूचना मिली की इो अपराधी वारदात को अंजाम देने के लिए आ रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस और टीम के सदस्य करबला के पास खड़ हो गए। इसी दौरान सलेटी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक तेजी से निकले। पुलिस ने रोका तो सिपाही पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। तब पुलिस ने वायरलेस से मैसेज कर पीछा किया। इस पर नवाबगंज इंस्पेक्टर, रेलबाजार व कल्याणपुर थाने की फोर्स भी पहुंची और बाइक सवारों को गंगाबैराज से सिंहपुर रोड पर घेर लिया। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली इंस्पेक्टर नवाबगंज की जीप पर लगी और शीशा टूट गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायर किए। एक गोली बाइक चला रहे युवक के पैर में लगी और वहीं गिर पड़ा। दूसरा कूदकर भाग निकला। पूछताछ में शातिर ने अपना नाम रंजीत गौतम निवासी कर्नलगंज और फरार साथी का नाम रिजवान अत्ता बताया। मौके पर बाइक, तमंचा, कारतूस व कारतूस के खोखे मिले।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
8 Jul 2018, 5:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश




