
उपचुनावों का ऐलान, सपा-बसपा मिलकर लड़ेंगी चुनाव, भाजपा मुश्किल में फंसी
कानपुर. आखिरकार चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। सपा-बसपा ने गठबंधन से फिलहाल कांग्रेस को अलग रखने का फैसला करते हुए सीटों का बंटवारा लगभग तय कर लिया है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक यूपी के पंचायत उपचुनावों के लिए शेड्यूल को जारी कर दिया गया है। इसी महीने आजादी पर्व के तुरंत बाद यानी 17 अगस्त को पंचायत उप-चुनाव के लिए वोटिंग होगी और 20 अगस्त को मतगणना होगी। देर शाम तक नतीजे भी सामने होंगे। कानपुर में दो स्थानों पर ग्राम प्रधानों का उपचुनाव होना है, जबकि छह स्थानों पर पंचायत सदस्यों का चुनाव होगा। ग्राम प्रधान के दोनों रिक्त पदों के लिए सपा-बसपा में बराबरी का समझौता किया है। एक स्थान पर सपा समर्थित प्रत्याशी मैदान में उतरेगा, जबकि दूसरे स्थान पर बसपा समर्थित उम्मीदवार होगा।
राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी, भाजपा को बारिश में छूटा पसीना
पंचायत उपचुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही उत्तर प्रदेश में फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ गई है। यूं तो राजनीतिक हलचल पंचायत स्तर की है, लेकिन प्रभाव पूरे सूबे में नजर आएगा। गौरतलब है कि पंचायत चुनाव राजनीति की सबसे टेढ़ी सीढ़ी होती है और इसमे क्षेत्रीय दल व क्षेत्रीय नेता अपनी साख के साथ खूब जोर आजमाइश करते हैं। ऐसे में बूथ स्तर पर अब चुनाव की रणनीति बनाने वाले हर दल के लिए पंचायत चुनाव लिटमिस टेस्ट सरीखे हैं। इसी कारण सपा-बसपा ने अपने ग्रामीण कार्यकर्ताओं के दिल को टटोलने के लिए पंचायत चुनाव में गठजोड़ किया है, जबकि भाजपा परेशान है। कारण यहकि पंचायत चुनाव के नतीजों को सपा-बसपा अपने हिसाब से परिभाषित करेंगी, जोकि भाजपा के लिए अगले बरस होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए लाभ-हानि का सौदा होगा।
यूपी में करीब साढ़े चार हजार पदों पर होना है उपचुनाव
पंचायत स्तरीय उपचुनाव के लिए खाली पदों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में 170 ग्राम प्रधान, 3978 ग्राम पंचायत सदस्य,198 क्षेत्र पंचायत सदस्य के अलावा 11 जिला पंचायत सदस्य के पद खाली हैं। ऐसे में साढ़े चार हजार पदों पर सपा-बसपा गठबंधन और भाजपा के लिए नतीजे किसी भी सूरत में अग्निपरीक्षा से कम नहीं होंगे। बहरहाल, भाजपा ने सपा-बसपा गठबंधन की हवा निकालने के लिए सीधे तौर पर उम्मीदवार उतारने के बजाय जिताऊ उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है। इस रणनीति से भाजपा ग्रामीण इलाके में अपना आधार मजबूत करने के साथ-साथ किसी प्रकार की किरकिरी से बचने की जुगत में जुटी है।
3 अगस्त से नामांकन, 17 को वोटिंग और 20 को नतीजे
राज्य निर्वाचन आयुक्त के आदेश पर यूपी के समस्त जिलों के जिलाधिकारियों ने उपचुनावों की अधिसूचना को जारी कर दिया है। उपचुनाव की प्रक्रिया में 3 अगस्त से नामांकन पत्र का वितरण शुरू होगा और नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होगी। नामांकन 3 अगस्त से 8 अगस्त तक होगा। जिस ब्लाक क्षेत्र में उपचुनाव होगा वहां संबंधित ब्लॉकों में नामांकन पत्र मिलेगा और नामांकन भी वही होगा। 9 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 10 अगस्त को नाम वापसी होगी। मतदान 17 अगस्त को तथा मतगणना 20 अगस्त को होगी। कानपुर में बिल्हौर के पलिया बुजुर्ग और घाटमपुर के हरदौली ग्रामसभा के लिए प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त सरसौल के खुजौली वार्ड संख्या दस, शिवराजपुर निवादा मघई वार्ड संखआ सात, घाटमपुर के मढ़ा वार्ड संख्या दस, भीतरगांव के गूजा वार्ड संख्या पांच और चौबेपुर के बिरैचामामऊ वार्ड संख्या 12 के सदस्य पद के लिए उपचुनाव होगा। इसी के साथ सरसौल के वार्ड 49, भदासा में क्षेत्र पंचायत दस्य का चुनाव भी होगा।
Updated on:
2 Aug 2018, 12:08 PM IST
Published on:
2 Aug 2018, 11:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.