
गुड न्यूज़ : रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की ट्रेन साइड वेंडिंग सर्विस
कानपुर। आप भी उन यात्रियों में से एक हैं जो बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में सफर करते हैं. ऐसा है तो अब आपके लिए एक गुड न्यूज़ है. वह ये कि अब आपको ताज़े खाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. रेलवे ने ऐसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खास साइड वेंडिंग सर्विस की शुरुआत की है. इसके तहत रेलवे बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में दिन के वक्त यात्रियों को ताजा खाना उपलब्ध कराएगा. इसके इतर और क्या होगा खास, आइए जानें.
ऐसी मिली है जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन ट्रेनों में खाने की सप्लाई आईआरसीटीसी व रेलवे के खानपान विभाग की ओर से की जाएगी. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेलवे ने एनसीआर व एनईआर जोन के अंतर्गत आने वाले कई स्टेशनों को इस सेवा की शुरुआत के लिए चिह्नित किया है. ऐसे में इस बात की संभावना जताई जा रही है अक्टूबर महीने से कानपुर में इस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा.
ऐसा बताया रेलवे अधिकारियों ने
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जिन ट्रेनों में पेंट्रीकार की सुविधा नहीं है. उन ट्रेनों में नई योजना के अंतर्गत आईआरसीटीसी या फिर रेलवे के खानपान विभाग के कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा. इसमें एक प्रबंधक व सात वेंडर होंगे. यह कर्मचारी ट्रेन में यात्रियों को उनकी बर्थ तक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएंगे.
होगी रिफ्रेशमेंट रूम की भी व्यवस्था
इस बारे में एनसीआर सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल बताते हैं कि लंबी दूरी की ट्रेनों में पेंट्रीकार की सेवा उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन कम दूरी ट्रेनों में पेंट्रीकार की सेवा नहीं होती है. इन ट्रेनों में पैसेंजर्स को सबसे ज्यादा समस्या दिन के वक्त होती है. यात्रियों को दिन में रिफ्रेशमेंट की जरूरत महसूस होती है, जिसके लिए उनको बड़े स्टेशन के आने का इंतजार करना पड़ता है. साइड वेंडिंग सर्विस के अंतर्गत यात्रियों को ट्रेन में ही रिफ्रेशमेंट उपलब्ध हो सकेगा. इसके लिए ट्रेन में एक रिफ्रेशमेंट रूम की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसमें खानपान सामग्री को निर्धारित स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ाया जाएगा.
ऐसा बताते हैं अधिकारी
इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल कहते हैं कि लाखों पैसेंजर्स की सुविधाओं को देखते हुए साइड वेंडिंग सर्विस शुरू करने का निर्णय लिया गया है. इससे बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में सफर करने वाले पैसेंजर्स को बड़ी राहत मिलेगी.
Published on:
25 Sep 2018, 1:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.