
कानपुर। समाजवादी पार्टी से आर्यनगर विधानसभा सीट के विधायक अमितभ बाजपेयी रसोई गैस की कीमत बढ़ोतरी को लेकर सड़क पर उतर आए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राक्षस रूपी पुतला बनाकर प्रदर्शन किया। इससे पहले विधायक व उनके समर्थकों ने पुतले की रैली निकाली और जनता से अपील की 2019 के चुनाव में वोट की चोट कर सत्ता से बाहर करें। यदि ऐसा नहीं किया तो आपके बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार जिस तरह से गैस के दाम बढ़ा रही है उससे तो अब आम लोगों को सिलेंडर खरीदना मुश्किल हो गया है। इसी के चलते हमने इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला बना राक्षस रूपी मुखौटा लगाकर प्रदर्शन किया है।
राक्षस रूपी पुतले की निकाली रैली
लोकसभा चुनाव नजदीक हैं और विपक्षी दल मोदी सरकार को घेरने के लिए कोर कसर नहीं छोड़ रहे। हर मुद्दे पर अब विपक्ष के नेता सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वार कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने किया। गैस की कीमतों में इजाफे के चलते वो अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। सपा कार्यकर्ताओं के हाथों में पीएम मोदी का पुतला था, जिसमें सिर राक्षस का लगा हुआ था। सपाई राक्षस रूपी पुतले की सवारी निकाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही उनकी सरकार के मंत्रियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चेहरे से पर्दा उठा रही है समाजवादी पार्टी
सपा विधायक ने कहा कि हमने जनता तक सच्चई ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले को राक्षस का मुखौटा लगाया है। क्योंकि साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान देश की जनता को ठगा है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठों के सरदार हैं। उन्होंने जनता के साथ छल किया है। कुछ पूंजीपतियों की सरकार ने गंगा के नाम पर अरबों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन गंगा साफ नहीं हुई। विधायक ने कहा कि नोटबंदी से करोड़ों लोगों की नौकरी चली गई। जीएसटी से व्यापारी सड़क पर आ गए। गैस, पेट्रोल के दाम बढ़ने से आमशहरी खून के आंसू बहा रहा है। रसोई का तड़का महंगाई के चलते बिगड गया है। वहीं मोदी सरकार गरीबों पर आएदिन गैस सहित अन्य गृहस्थी के सामनों पर वृद्धि कर उद्योगपतियों को फाएदा पहुंचा रही है। समाजवादी पार्टी इनके चेहरे से झूट का पर्दा उठाने के लिए प्रदर्शन किया है।
विवेक के हत्यारों को बचा रही सरकार
सपा विधायक ने कहा कि पिछले डेढ़ साल के दौरान योगी सरकार निर्दोषों का इनकाउंटर करवा रही है, जबकि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती। सीएम योगी आदित्यनाथ के पुलिसकर्मी ही जब हत्या करने लगे तो अपराध कैसे कम होंगे। विवेक तिवारी के हत्यारों को पुलिस बचा रही है और इसी के चलते मृतक की पत्नी से कई रहस्य छिपाए गए। कहा कि पूरे प्रदेश में एक भी काम नया नहीं किया गया। भाजपा की प्रदेश सरकार अखिलेश सरकार के कामों को अपना बता रही है। पुलिस के जरिये लूट हो रही है। विधायक ने कहा कि कानपुर में तैनात आईपीएस सुरेंद्र दास, कानपुर देहात में तैनात सिपाही और फर्रूखाबाद के दरोगा ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। इससे पता चलता है कि योगी सरकार पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाकर काम करवा रही है।