
टेनरी मालिकों के लिए खुशखबरी, कुंभ के दौरान नहीं रहेगी बंदी
कानपुर। कानपुर के एक हजार से ज्यादा टेनरी मालिकों और वहां काम करने वाले करीब ढाई लाख से ज्यादा कर्मचारियों के लिए एक गुड न्यूज है. वह ये कि अद्र्धकुंभ के दौरान उन्हें उद्योग बंदी के दौर से नहीं गुजरना पड़ेगा. उ.प्र. पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की नई प्लानिंग के मुताबिक 15 दिसंबर से 15 मार्च तक प्रस्तावित बंदी को कैंसिल कर दिया गया है. शासन ने भी इस पर सहमति भी दे दी है. इसमें टेनरी के अलावा अन्य उद्योगों को भी राहत मिलेगी.
दी गई है ऐसी जानकारी
पॉल्यूशन बोर्ड के सदस्य सचिव के दिशा-निर्देश के मुताबिक अद्र्धकुंभ के दौरान 50 प्रतिशत क्षमता पर टेनरियों का संचालन किया जाएगा. सीईटीपी के सही संचालन होने की दशा में इस फैसले पर कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. इस दौरान यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड सीसीटीवी और जीपीएस के माध्यम से कड़ी निगरानी करेगा.
लगेगा सीसीटीवी कैमरा भी
अद्र्धकुंभ से पहले बोर्ड टेनरीज की ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी करेगा. इसके लिए पॉल्यूशन बोर्ड के रीजनल ऑफिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी टेनरी के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए, इसकी लाइव फीडिंग बोर्ड के सर्वर पर की जाएगी. इससे ट्रकों के आने-जाने पर नजर रखी जा सके. इसके अलावा एसटीपी के इनलेट और आउटलेट पर ओसीईएमएस और वेब कैमरा लगाकर सीपीसीबी के सेंट्रल सर्वर से निगरानी की जाएगी.
सचिव ने ली बैठक
सीईटीपी का संचालन बंद होने से कानपुर में 249 टेनरियों को बंद कर दिया गया था. शासन में टेनरी संचालकों ने गुहार लगाई थी. इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सचिव मनीष चौहान ने जल निगम के जीएम आरके अग्रवाल और गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर घनश्याम द्विवेदी के साथ बैठक की. इसमें सीईटीपी को संचालित करने का फैसला लिया गया. सीईटीपी के शुरू होने के बाद गठित मॉनिटरिंग टीम निरीक्षण करेगी. सब कुछ सही पाए जाने पर बुधवार से बंद टेनरी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
Published on:
27 Nov 2018 02:02 pm
