
Kanpur Dehat Toppers
कानपुर देहात।यूपी बोर्ड परीक्षा के पूर्व ही शासन द्वारा नकलविहीन परीक्षा कराने के सख्त निर्देश के चलते जहां तमाम छात्र छात्राओं ने परीक्षाएं छोड़ थी। वहीं अन्य छात्रों ने कैमरे की नजर में परीक्षा दी। परीक्षा परिणाम को लेकर जहां छात्र छात्राओं के चेहरे पर चिंता की लकीरें नहीं हट रही थी। वहीं आज यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम आते ही छात्र छात्राएं खुशी से उछल पड़े। सुबह से छात्र कम्प्यूटर के सामने जमे बैठे रहे। हालांकि हाईस्कूल का 75.16 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 72.43 प्रतिशत परिणाम जैसे ही आया छात्र छात्राओं के चेहरे खिल उठे। जिसमे जनपद में कई छात्र छात्राओं ने अच्छे अंक पाकर जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम आते ही उनके माता-पिता सहित पड़ोस के लोग मिठाई लेकर उन मेधावी छात्र छात्राओं के घर बधाई देने पहुंच गए।
जनपद कानपुर देहात में पिछले वर्ष टॉप पर रहे विद्यालय इस बार टॉप सूची में अग्रणी नहीं रह पाए। वहीं पुखरायां, राजपुर, झींझक, असालतगंज विधालयो के छात्र छात्राओं ने बाजी मार विद्यालयों को गौरान्वित किया है। जिसमें पीडीडीयूएसएसएम इंटर कालेज से हाईस्कूल के छात्र आनंद कुमार ने 93.50 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा परिणाम के बाद घर में बधाई देने को तांता उमड़ पड़ा। वहीं हाईस्कूल में अनुज तिवारी ने भी 93.50 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी ख्वाहिश इंजीनियर बनने की है। दूसरे स्थान पर रहे मृत्युंजय सिंह ने 92.33 प्रतिशत अंक हासिल कर मंगलपुर के श्रीमती शिवकली देवी इंटर कालेज का गौरव बढ़ाया है।
इसके साथ ही पीडी कालेज राजपुर से अभिषेक ने भी 92.33 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं एसबीएमआईसी पुखरायां से अनीसा पाल ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान बनाया है। पुखरायां के ही एसबीएमआईसी कालेज से सुभाष यादव ने 91.67 प्रतिशत अंक लाकर जिले में चौथा स्थान पाया है। परीक्षा परिणाम को लेकर मंगलपुर क्षेत्र के बददापुरवा गांव में खुशी का आलम रहा। जब अजय सिंह ने 91.50 प्रतिशत परिणाम लाकर बददापुरवा इंटर कालेज का नाम जनपद में रोशन किया है।
एक तरफ पहली बार बोर्ड परीक्षा देने के बाद अच्छे अंक प्राप्त कर हाईस्कूल के इन छात्र छात्राओं के घर मे खुशियों का आलम रहा तो वहीं इंटरमीडिएट के छात्र छात्राएं भी पीछे नही रहे। हालांकि जनपद की टॉप सूची में इस बार लड़कों ने बाजी मारी है। मालवीय इंटर कालेज मुंगीसापुर से अभिषेक कटियार ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले टॉप किया है। कालेज प्रबंधन सहित परिवार ने हर्ष का माहौल व्याप्त है। वहीं इसी कालेज के विशाल कुशवाहा ने जिले में दूसरा स्थान पाया है उन्होंने 89.60 प्रतिशत हासिल किए है। भाऊपुर से उत्कर्ष त्रिपाठी ने भी 89.40 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान पाया है। वहीं पिछली साल जनपद में टॉप पर रहे कालेज आरपीएस कालेज रसूलाबाद के आशीष कुमार ने 89 प्रतिशत से चौथा स्थान पाया है। देखा जाए तो इस बार ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा लोगो के सामने लाकर राकेह दी है। कड़री के अवंतीबाई इंटर कालेज से प्रद्युम्न सिंह ने 88.80 प्रतिशत नम्बर पाकर जिले में पांचवा स्थान बनाया है।
Published on:
29 Apr 2018 08:24 pm
