28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात की तर्ज पर दिखेगा प्रदेश, कानपुर को मिली नई सौगात

उत्तर प्रदेश की 16 में से 14 नगर निगम पर भगवा फहराने से गदगद भाजपा नेता अब लोकसभा की तैयारी में जुट गए हैं।

3 min read
Google source verification
satish mahana

कानपुर. उत्तर प्रदेश की 16 में से 14 नगर निगम पर भगवा फहराने से गदगद भाजपा नेता अब लोकसभा की तैयारी में जुट गए हैं। 2019 में कानुपर नगर से संसद पद के लिए टिकट की दावेदारों में से एक यूपी के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना रामादेवी चौराहा सुंदरीकरण किये जाने के कार्यों का शिलान्यास के दौरान आगाज भी कर दिया। मंत्री ने इस मौके पर विरोधियों पर बरसे तो वहीं केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों का गुणगान भी किया। कहा, केन्द्र व प्रदेश के बाद कानपुर की सरकार भी भारतीय जनता पार्टी की हो गई है। जिससे केन्द्र व प्रदेश से आने वाला रूपया सही जगह पर लग सकेगा। जहां 2019 तक कानपुर महानगर को हम आर्दश नगर बना देंगे, वहीं 2020 तक यूपी गुजरात की तरह दिखेगा। आठ माह के दौरान हमारी सरकार ने कूड़ा-कचरे को साफ किया है। सरकारी मशीनरी को दुरुस्त कर काम करने लायक बनाया है। जिसका असर सूबे की 22 करोड़ जनता को जल्द दिखेगा।


अब तो तीनों सदनों में भाजपा की सरकार
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना द्वारा रामादेवी चौराहा सुंदरीकरण किये जाने के कार्यों का शिलान्यास किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता एवं जनता के द्वारा चुने गए नवनिर्वाचित पार्षद व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहें। इस दौरान भारी भीड़ देख मंत्री गदगद हो गये और अपने संबोधन में कहा कि इस चौराहे का ऐसा सुंदरीकरण किया जाएगा जिससे इलाहाबाद और लखनऊ से आने वाले लोगों को कानपुर की झलक मिल सके। इसको आदर्श चौराहे के रूप में विकसित किया जाएगा। आगे कहा कि अब तो जनता के आर्शीवाद से केन्द्र व प्रदेश के साथ कानपुर की सरकार भी भाजपा की हो गई। जिससे यह चौरहा ही नहीं पूरे कानपुर को आदर्श नगर 2019 तक बनाया जाएगा। महाना ने कहा कि शीघ्र ही एक कार्य योजना बनाकर अधिकारियों की टीम बनाकर विकास के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा।


रियल स्टेट का हुआ विकास
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि पिछले 15 वर्षो में उप्र में उद्योगों का विकास नहीं हुआ है, बल्कि केवल रियल स्टेट का विकास हुआ है। पिछले आठ महीने के दौरान नई सरकार ने इस अविश्वास के माहौल को दूर कर विश्वास का माहौल बनाने में सफलता पाई है। हम दावे के साथ कह सकते हैं कि अगले दो वर्षों के भीतर उप्र में गुजरात की तर्ज पर विकास की एक झलक दिखाई देगी। कहा कि उप्र में निवेश लाने के लिए उद्योगपतियों को यहां सुरक्षा का माहौल देना पहली चुनौती है। जिसके लिए लगातार योगी सरकार प्रयास कर रही है। उद्योगपतियों के मन में ज्यादा चिंता यहां के हालात को लेकर था। लेकिन हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि नई सरकार के गठन के बाद परिस्थितियां बदल चुकी हैं। सरकार उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उन्हें एक बेहतर माहौल उपलब्ध कराएगी।


अगले साल तक लाल इमली मिल गरजेगी
मंत्री सतीश महाना ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश में मृतप्राय उद्योगों को नए सिरे से खड़ा किया जाए और इसमें कम से कम एक वर्ष का समय लगेगा। आठ माह के दौरान कानपुर के बंद मिलों पर कर्ज सहित अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी की। पता चला कि पिछली सरकारों में लाल इमली को चलवाने के लिए पैसा आया और करोड़ों की मशीने खरीदकर लगवाई गईं, पर यहां से एक मीटर कपड़ा नहीं निकला। कागजों में लाल इमली चलती रही, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से हमारी बातचीत हुई है और इस एतिहासिक मिल को पुनः चालू कराए जाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि अगले साल तक लाल इमली अपने पुराने स्वरूप में दिखेगी और युवाओं को रोजगार देगी।


तो यूपी के लोग क्यों रहे पीछे
मंत्री ने कहा कि हमने गुजरात के उद्योगों और वहां की नीतियों को समझा है। इसके बाद हम महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में जाने और वहां की औद्योगिक नीतियों को समझने का प्रयास करेंगे। गुजरात की करीब तीन करोड़ जनता मिलकर वहां का विकास कर सकती है तो उत्तर प्रदेश की 22 करोड़ जनता यहां का विकास क्यों नहीं कर सकती। अब हम यूपी में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा उ़द्योग लगाने के लिए ऋण के साथ सुरक्षा देंगे। महाना ने कहा कि हम गुजरात जाते हैं तो वहां की मिलों से पचास फीसदी से ज्यादा यूपी के लोग मिलों में काम करते दिखते हैं और गुजरात के मिल मालिक इनकी प्रशंसा भी करते हैं। यूपी का युवा होनहार और काबिल हैं, पर उसे सही डगर दिखाने वाला नहीं मिला, पर अब ऐसा नहीं होगा। यूपी का युवा अपने पैरों पर खड़ा होगा।