17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आशाकी में सरकार की अनदेखी से ​पानी बिना त्राहि-त्राहि मच गई है, लोग हफ्तों से नहीं नहाए; गांव छोड़कर भाग रहे हैं

जलसंकट के चलते अधिकतर पुरुष अपने पशुओं को साथ लेकर पानी वाले इलाके में पलायन कर गए हैं...
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

करौली

•

image

Vijay ram

•

Updated: 1 May 2018, 2:00 PM IST

news

करौली.
भीषण गर्मी के मौसम में करणपुर डांग क्षेत्र के निभैरा एवं आशाकी गांव में सरकार की अनदेखी से पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है।

पशुओं के साथ ग्रामीण पलायन कर गए हैं। वहीं पानी के अभाव में नहाना-धोना तक बंद हो गया है। इसके बाद भी जिला प्रशासन या जनस्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी विभाग ने पानी के प्रबंध नहीं किए हैं।

निभैरा एवं आशाकी गांव में पेयजल किल्लत सामने आने पर राजस्थान पत्रिका संवाददाता ने तड़के पांच बजे ही निभैरा गांव पहुंच पेयजल प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान लगभग सभी घरों की महिलाएं और बालिकाएं बर्तनों के साथ हैण्डपम्पों पर नजर आईं।

१२ घंटे लगती है पानी को लाइन
क्योंकि गांव के अधिकतर पुरुष अपने पशुओं को साथ लेकर पानी वाले इलाके में पलायन कर गए हैं। इस कारण गांव में पुरुष दिखाई ही नहीं दिए। महिलाओं ने बताया कि हैण्डपम्पों से इंसानों को ही पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है, फिर पशुओं को कहां से मिलेगा।

रात 11 बजे रख दिए जाते हैं बर्तन
५०० से अधिक की आबादी व चारों तरफ से वन क्षेत्र से घिरे निभैरा में १५ से अधिक हैण्डपम्प हैं, लेकिन अब जलस्तर नीचे जाने से हैण्डपम्प खराब हो गए हैं। मात्र तीन हैण्डपम्पों से पानी की आपूर्ति हो रही है। हालात ये है कि तीनों हैण्डपम्पों का पानी भी नीचे चल गया है। इनमें से रात 11 से सुबह 11 बजे तक ही पानी मिलता है। ऐसे में रात 11 बजे से महिलाएं बर्तनों को रख हैण्डपम्पों पर लाइन लगा देती हैं।

घर के किसी एक सदस्य को हैण्डपम्प पर छोड़ देती हैं, जब उनका पानी भरने के लिए नम्बर आता है तो परिवार की सभी महिलाएं पानी के लिए जाती हैं। महिलाएं रात में सो तक नहीं पाती हैं। इस दौरान बीच-बीच में हैण्डपम्प से पानी नहीं निकलता है तो महिलाएं वहां पर बैठ जाती हैं।

आधा घंटे बाद हैण्डपम्प फिर से पानी निकालता है। ये प्रक्रिया सुबह 11 बजे तक चलती रहती है। 11 बजे के बाद तीनों हैण्डपम्पों से पानी आना बंद हो जाता है। दोपहर में किसी को पानी की जरूरत पड़ जाती है तो एक-दूसरे से उधार लेकर काम चलाया जाता है।

मटमैला पानी वह भी मात्र दस दिन का
आशकी गांव में भी भीषण पेयजल संकट है। पथरीला क्षेत्र होने वजह से यहां हैण्डपम्प काम नहीं करते। यहां गांव के जंगल में कुएं हैं। इससे समूचे गांव में पानी की आपूर्ति होती है। एक कुएं में अधिक पानी रहता है, जिसका पानी अब मटमैला हो गया है। कुएं का रसातल दिखने लग गया है।

इसमें भी मात्र आठ-दस दिन का पानी बचा है। इस गांव में भी ग्रामीण पशुओं के साथ पलायन कर गए हैं। मटमैले पानी का उपयोग करने से बीमारी फैलने की आशंका भी रहती है। गांव की महिलाओं को दो किमी दूर कुएं से पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है। रास्ता पथरीला होने के साथ ही चढ़ाई वाला है, जिससे अधिक परेशानी होती है।

ग्रामीणों का पलायन, नहाना धोना बंद
नहीं हुए टैंकर चालू : सरकार ने जिला प्रशासन व जनस्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से पेयजल संकट ग्रस्त गांवों में टैंकरों से पानी सप्लाई के आदेश दिए हुए हैं। इसके लिए बजट भी स्वीकृत हो गया है। विभाग के अधिकारी टैंकर की दर स्वीकृत करने का दावा भी कर रहे हैं, लेकिन निभैरा-आशाकी गांव में टैंकर चालू नहीं हुए हैं। इस कारण इस बार गर्मी के मौसम में पेयजल संकट अधिक गहराया गया है।

मजबूरी में नहीं नहाते
एक हैण्डपम्प पर पानी की लाइन में खड़े गांव के हरिमोहन वाल्मीकि ने बताया कि सही हालात ये हैं कि पानी के अभाव में गांव के ७० प्रतिशत लोग रोजाना गर्मी के मौस्म में स्नान नहीं करते हैं। वे खुद तीन दिन से नहीं नहाए हैं तथा पानी के अभाव में कपड़े तक नहीं धो पा रहे हैं। हैण्डपम्प से एक परिवार को तीन या चार मटका पानी मिलता है। इसे पीने के काम में लें या नहाने के।

&टैंकर चालू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अभी तक टैंकरों से सप्लाई नहीं हुई, लेकिन अब जल्द ही टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।
सीताराम मीना, अधीक्षण अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग करौली

&निभैरा गांव में हैण्डपम्प दम तोड़ गए हैं तथा टैंकर चालू नहीं हुए हैं। इनके अलावा अन्य कोई साधन नहीं होने से भीषण पेयजल संकट गहरा गया है। रात 11 से सुबह 11 बजे तक हैण्डपम्पों पर लाइन लगी रहती है।
भगवानलाल शर्मा, अध्यापक व ग्रामीण निभैरा

&गांव में पानी की व्यवस्था नहीं होने से पशुपालक सुरक्षित स्थानों की तरफ चले गए हैं। महिलाएं पानी की व्यवस्था में लगी रहती हैं। हालात काफी खराब हैं, फिर भी अधिकारी गांव की सुध नहीं ले रहे हैं।
रामस्वरूप बैरवा, ग्रामीण

फोटो: तीन हैण्डपम्पों पर हजारों की आबादी, सरकार की अनदेखी, दिन के समय हैण्डपम्प नहीं करते काम।