नादौती. क्षेत्र के बाडापिचानौत गांव के जंगल में बने छप्परपोश में गुरुवार को आग लगने से एक किसान का पौने दो साल का बालक जल गया। उसने मौके पर दी दम तोड़ दिया। घटना के समय बालक की मां तथा दादी खेत पर फसल काट रही थी। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया। मृतक भौलू पुत्र दौलत जोगी है। जानकारी के अनुसार बालक की मां सोनू देवी तथा दादी कैलाशी देवी उसे छप्परपोश में सुलाकर समीप ही खेत पर फसल काटने लग गई।इस दौरान अचानक छप्परपोश में आग लग गई।आग की लपटों ने छप्परपोश को चपेट में ले लिया, धुआं उठता देख मृतक की मां, दादी तथा अन्य किसान छप्परपोश की तरफ दौड़े, बालक काफी झुलस गया। उन्होंने बालक को बाहर निकाला, लेकिन उसने मौके पर दम तोड़ दिया। बालक को बाहर निकालने के प्रयास में उसकी दादी कैलाशी झुलस गई। सूचना पर तहसीलदार आरडी महावर, गिरदावर मुकुटसिंह, पटवारी आदि ने मौके पर पहुंच रिपोर्ट तैयार की। बीसीएमओ डॉ. बाबूलाल वर्मा सहित चिकित्साकर्मियों की टीम ने एएसआई मोहन सिंह द्वारा दी गई तहरीर पर मृत बालक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।