
करौली. नियमों को ताक पर रख मनमाने तरीके से स्कूलों में व्यवस्था के नाम पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। इसका खुलासा बुधवार को प्रारम्भिक शिक्षा के उपनिदेशक गणेश कुमार द्वारा स्कूलों के किए निरीक्षण में हुआ। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि करौली के एक प्रशासनिक अधिकारी की पत्नी को एक स्कूल में व्यवस्था के नाम पर लगाया हुआ है। वहीं एक प्रबोधक ढाई साल से नगरपरिषद करौली में प्रतिनियुक्ति पर चल रहा है। उन्होंने इसे अनियमितता मान डीईईओ से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है।
उपनिदेशक कुमार व सर्व शिक्षा अभियान के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक सियाराम मीणा बंशीकापुरा बाग उच्च प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान पता चला कि हिण्डौनसिटी ब्लॉक के मिल्कीपुरा उच्च प्राथमिक स्कूल में नियुक्त अध्यापिका चन्द्ररेखा गोयल को करौली ब्लॉक के बंशीका पुरा बाग के उच्च प्राथमिक स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता की व्यवस्था के नाम पर 10 अगस्त को लगाया गया। विशेष बात यह सामने आई कि इस स्कूल में किसी प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिता ही नहीं हुई है।
इसी प्रकार स्कूल का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि प्रबोधक सुरेन्द्र कुमार शर्मा 20 सितम्बर 2014 से करौली नगरपरिषद में भामाशाह योजना के कार्य के लिए प्रतियिुक्ति पर है। इस पर उपनिदेशक ने नाराजगी जताते हुए इसका कारण पूछा। संस्थाप्रधान बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि प्रतिनियुक्ति को निरस्त नहीं किया जा रहा है। इससे पहले उपनिदेशक ने कक्षा आठ व सात के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर की जांच की। उन्होंने अध्यापिकाओं को शिक्षण कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
निरस्त कराएंगे
बंशीकापुरा बाग में एक अध्यापिका व अध्यापक प्रतिनियुक्ति पर मिले हैं। यह गम्भीर मामला है। इसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। फिर प्रतिनियुक्ति निरस्त कराएंगे।
गणेश कुमार उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा।
Published on:
7 Sep 2016, 9:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.