
विधायक को ज्ञापन सौंप बताईं समस्याएं
गढ़मोरा. आंतरी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर कस्बे का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक पीआर मीणा से मिला। प्रतिनिधि मण्डल ने विधायक को ज्ञापन सौंप क्षेत्र में अधूरे चल रहे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग भी की। ऐतिहासिक कार्यो को शीघ्र पूरा करने, 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करने, रोडवेज बस चलवाने, पहाड़ की तलहटी में एनीकट बनवाने, बस स्टैण्ड पर पेयजल व्यवस्था करने, नया ट्यूबवैल लगवाने, राजकीय आयुर्वेद अस्पताल व राजकीय पशु चिकित्सालय में रिक्त पदों को भरने, 4 वर्ष पहले दो करोड़ की लागत से बनी टंकी से पानी उपलब्ध कराने, बालिका स्कूल को क्रमोन्नत कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच ब्रजलाल मीणा, तेजराम चपराना, पर्यटन विकास समिति अध्यक्ष विश्राम चपराना, डॉ.नाथूलाल सैनी, राधेश्याम जीएसएस अध्यक्ष तथा कई अन्य कई लोग शामिल थे।
श्मशान से हटवाएं अतिक्रमण
गोठरा. सपोटरा उपखण्ड मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत गज्जूपुरा के ग्रामीणों ने सोमवार को उपखण्ड अधिकारी तारामती वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटवाने व भूमि पर कमरा बनाकर रह रहे एक जने के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। गज्जूपुरा के ग्रामीण रामजीलाल, रामलाल, मुकुन्दा, रामलखन प्रजापत ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप बताया कि गांव के सार्वजनिक श्मशान घाट भूमि पर एक जना पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर रहा है। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने सरपंच से की। जिस पर ग्राम पंचायत ने अतिक्रमी को नोटिस भेजकर निर्माण बंद कराने की बात कही, लेकिन फिर भी उसने निर्माण करा लिया है। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
22 Jan 2019 12:25 pm
Published on:
22 Jan 2019 12:25 pm
