
कुडग़ांव. सलेमपुर की बैरवा बस्ती में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
कुडग़ांव.ञ्च पत्रिका. सलेमपुर ग्राम पंचायत में बैरवा बस्ती में विभिन्न समस्याओं से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लम्बे समय से समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है। समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। ग्रामीण सुख चंद बैरवा, रामजीलाल बैरवा मोरया बैरवा, कजोड, जगमोहन कोली सोहनलाल, मुकेश, कमलेश, आदि लोगों ने बताया कि बस्ती में विद्युत सप्लाई के लिए अलग से सिंगल फेज ट्र्रांसफार्मर लगा था, लेकिन इसे कुछ समय से हटा दिया गया है। बस्ती की विद्युत सप्लाई सलेमपुर में होकर गुजर रही विद्युत लाइन से जोड़ दी गई है। जिससे बिजली आपूर्ति सुचारु तरीके से नहीं हो रही। आए दिन स्पार्किंग होती रहती है। लोग बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। बस्ती में पेयजल समस्या भी गहरा रही है। गांव की टंकी से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही। 3 दिन में एक बार ही पानी की सप्लाई होती है। जिससे लोग सर्दी में भी पानी के लिए भटक रहे हैं। मोहल्ले में 10 वर्ष पूर्व बनाई गई सीसी सड़क आज जर्जर हाल है। नाली नहीं बनने से घरों का पानी रास्ते पर भर जाता है। जिससे आवागमन में समस्या रहती है।समस्याओं के बारे में ग्राम पंचायत सहित प्रशासन के आला अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी आंख मूंद कर बैठ गए हैं।
पूर्व सांसद का है घर
गौरतलब है कि करौली-धौलपुर लोकसभा सीट के पूर्व सांसद एवं वर्तमान बसेड़ी विधायक खिलाड़ीराम बैरवा का घर भी इसी मोहल्ले में है। हालांकि वह यहां नहीं रहते उनके परिवार के अन्य लोग यहीं रहते है।
Published on:
01 Feb 2019 12:46 pm
