
नरसिंहपुर/करेली. नरसिंहपुर के करेली में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को ऐसी खौफनाक मौत दी जो रुह कंपा देने वाली है। 15 साल तक लिव इन में पति-पत्नी की तरह रहने के बाद चरित्र शंका में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को हाथ-पैर बांधकर नर्मदा नदी के तेज बहाव में फेंक दिया। पुलिस को बीते दिनों युवती की लाश बरामद हुई थी और जब मामले का खुलासा हुआ तो हर कोई हैरान रह गया।
जिससे प्यार किया उसे ने ले डाली जान
नर्मदा नदी के बरमान में 1 सितंबर को पुलिस को एक महिला का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त न हो पाने के कारण सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर वायरल की गई। बाद में उसकी पहचान मनीषा के तौर पर हुई थी जो करेली की अंबेडकर वार्ड की रहने वाली थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि मनीषा सोमनाथ नाम के युवक के साथ बीते 15 सालों से लिव इन में पत्नी की तरह रह रही थी। लेकिन मनीषा के गायब होने के बाद भी जब सोमनाथ ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी बस इसी बात पर पुलिस को सोमनाथ पर शक हुआ और जब उसे पकड़कर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने खौफनाक वारदात का खुलासा किया।
शक में प्रेमिका को दी खौफनाक मौत
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद प्रेमी सोमनाथ ने बताया कि मनीषा के चरित्र पर उसे शक था और इसीलिए उसने उसकी हत्या की साजिश रची। उसने अपने भाई राजकुमार को मनीषा की हत्या के लिए राजी किया और प्लानिंग के तहत बरमान में सूरजकुंड स्नान के बहाने मनीषा को लेकर वहां पहुंचा। जहां दोनों हाथ व पैर बांधकर भाई राजकुमार के साथ मिलकर मनीषा को नर्मदा नदी के तेज बहाव में फेंक दिया था। जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई थी। पुलिस को 1 सितंबर को मनीषा की लाश बरामद हुई थी और 4 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान हो पाई थी।
Updated on:
6 Sep 2022, 7:02 PM IST
Published on:
6 Sep 2022, 7:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.