
(चंडीगढ): भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरूवार को निधन हो गया। जनप्रिय नेता अटल जी की सांसे थम जाने के साथ ही पूरे देश में शोक की लहर दौड गई। हरियाणा के मंत्रियों ने अपने अपने शब्दों में वाजपेयी जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कृषि एवं पंचायत विकास मंत्री ओपी धनखड ने वाजपेयी के निधन को अपूर्णीय क्षति बताते हुए कहा कि वे एक युग दृष्टा राजनीतिज्ञ और सच्चे किसान हितैषी थे। धनखड़ ने कहा कि भारत के किसान पर ब्याज का बोझ कम करने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। धनखड़ ने उनके साथ सांझा किए पलों को याद करते हुए कहा कि मुझे उनके प्रधानमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री निवास पर मंच संचालन का मौका मिला था जिसे वे कभी भुला नहीं पाएंगे। वे उस वक्त फसली ऋण का ब्याज पहली बार 18 प्रतिशत से 9 प्रतिशत करने पर उनका धन्यवाद करने पहुँचे थे।वाजपेयी ने किसानों के लिये क्रेडिट कार्ड प्रारम्भ किया। देश का किसान उनको किसान क्रेडिट कार्ड देने वाले प्रधानमंत्री के रूप मे सदैव याद रखेगा। वर्तमान फसल बीमा के विचार उनके युग में प्रारम्भ हुआ था। किसानों ने तालकटोरा स्टेडियम में हजारों की संख्या मे आकर उनका आभार जताया था । प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना बोर्ड भी सदैव उनकी याद कराते रहेंगे । गाँव की सड़कों के लिये पैसे देने वाले वो भारत के पहले प्रधानमंत्री थे।
शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा कि उनके निधन से देश की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ ढ़ह गया। उनके निधन से एक समर्पित, कर्मठ और निष्ठावान व्यक्तित्व हमारे बीच से चला गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारत माता के एक ऐसे सपूत थे, जिन्होंने स्वतंत्रता से पूर्व और पश्चात भी अपना जीवन देश और देशवासियों के उत्थान एवं कल्याण हेतु जिया और जिनके कार्यों से देश का मस्तक ऊंचा हुआ। शर्मा ने कहा कि भारत वर्ष की उन्नति में वाजपेयी का योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। वे कई दशकों तक भारतीय राजनैतिक पटल पर छाये रहे। उनके निधन से देश की राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में आयी रिक्तता को भर पाना असंभव होगा। जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि वाजपेयी के निधन से देश और राजनीति को एक अपूर्णीय क्षति हुई है।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्रीमती कविता जैन ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति के इतिहास में वाजपेयी ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होनें राजनीति के हर दौर को रोशन किया।
Published on:
17 Aug 2018, 3:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.