
हरियाणा सरकार ने ईद की छुट्टी की रद्द
Eid Holiday: हरियाणा में इस साल ईद के मौके पर सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी, क्योंकि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने एक नया नोटिफिकेशन जारी कर ईद की छुट्टी को रद्द कर दिया है। इस फैसले ने राज्य में चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है। सरकार ने अपने ताजा आदेश में ईद को गजेटेड हॉलीडे की सूची से हटाकर इसे रेस्ट्रिक्टेड हॉलीडे (RH) घोषित किया है। इसका मतलब है कि अब यह छुट्टी वैकल्पिक होगी और सरकारी दफ्तरों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।
नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, सरकार ने इस फैसले के पीछे तर्क दिया है कि इस साल ईद का त्योहार 31 मार्च को पड़ रहा है, जो सोमवार है। इससे ठीक पहले शनिवार (29 मार्च) और रविवार (30 मार्च) को सप्ताहांत के चलते पहले से ही छुट्टियां हैं। इसके अलावा, 31 मार्च वित्तीय वर्ष 2024-25 का आखिरी दिन भी है, जिसे फाइनेंशियल ईयर क्लोजिंग डे के रूप में जाना जाता है। इस दिन सरकारी विभागों में हिसाब-किताब और वित्तीय कार्यों को पूरा करना जरूरी होता है। सरकार का कहना है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए ईद की छुट्टी को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
नोटिफिकेशन में स्पष्ट लिखा गया है, “वीकएंड होने के चलते शनिवार और रविवार (29 और 30 मार्च) को छुट्टी होगी। इसी बीच 31 मार्च (सोमवार) को फाइनेंशियल ईयर का क्लोजिंग डे होने के कारण यह फैसला लिया गया है।” इस आदेश के तहत ईद की छुट्टी को रेस्ट्रिक्टेड हॉलीडे में तब्दील कर दिया गया है, जिसका अर्थ है कि कर्मचारी इसे लेने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन यह अनिवार्य रूप से सभी के लिए लागू नहीं होगी।
Updated on:
28 Mar 2025, 1:05 PM IST
Published on:
27 Mar 2025, 5:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.