
कासंगज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक नव विवाहिता दहेजलोभियों की भेंट चढ़ गई। उसके ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अपनी बहू की मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अतिरिक्त दहेज की कर रहे थे मांग
दहेज हत्या का मामला सोरों कोतवाली क्षेत्र के कुमरूआ गांव का है। मृतक के चाचा ग्रीश चंद्र नगला दत्ती निवासी ने बताया कि उन्होंने अपनी भतीजी राखी की शादी एक वर्ष पूर्व सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव कुमरूआ निवासी उर्वेश के साथ हिन्दू रीतिरिवाज और सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज देकर की थी, लेकिन उसके ससुरालीजन दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज में दो लाख रूपए और एक वेगनआर कार मांगने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर राखी के पति उर्वेश ने पहले उसके साथ मारपीट की बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक विवाहिता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तहसीलदार पहुंचे मौके पर
उधर घटना की जानकारी मिलते सदर तहसीलदार एनराम सोरों पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए, जहां उन्होंने मामले की छानबीन कर मृतका के हत्यारोंं को जल्द गिरफ्तार कराकर जेल भेजने का आश्वासन दिया।
Published on:
30 Apr 2018, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.