
Video: कोविड मरीजों को बड़ी राहत: कटनी के लिए पहली बार ऑक्सीजन एक्सप्रेस से पहुंची 11 टन प्राणवायु
कटनी. कोरोना की इस विपदा में शासन-प्रशासन द्वारा जिले में जनस्वास्थ्य की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के कारण ही स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने में सुगमता हो रही है। जिले में ऑक्सीजन की आपूर्ति बनाए रखने के के लिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सतत रूप से अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। जिसके मद्देनजर शनिवार को भी जिले में 11 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंची। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि पहली बार रेलमार्ग के माध्यम से 11 टन लिक्विड ऑक्सीजन, ऑक्सीजन एक्सप्रेस के द्वारा जिले के लिए झुकेही रेल्वे स्टेशन में आई। जहां पर रेल्वे के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ऑक्सीजन टैंकर को सुरक्षित रुप से रेल्वे के यार्ड में उतारा गया। जिसके बाद ऑक्सीजन टैंकर को जिला प्रशासन की टीम को हैण्डओव्हर किया गया।
बनाई गई है विशेष व्यवस्था
बता दें कि कि कटनी जंक्शन के समीपी जिलों में टैंकर से एलएमओ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और रेल्वे द्वारा विशेष व्यवस्था बनाई गई है। विगतदिनों झुकेही स्टेशन में ऑक्सीजन एक्सप्रेस से टैंकर उतारने की उचित व्यवस्था के लिये 8 घंटे में ही रैम्प और एप्रोच रोड को तैयार किया गया था। जिसे पत्रिका ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एरिया मैनेजर प्रिंस विक्रम ने बताया कि झुकेही में ऑक्सीजन एक्सप्रेस से टैंकर उतारने लिए जो व्यवस्था बनाई गई है, इससे कटनी सहित रीवा, सतना, उमरिया व अन्य जिलों को भी इसका लाभ मिलेगा। आस-पास के जिलों के लिये आने वाले एलएमओ को यहीं पर उतारा जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सहायक नोडल अधिकारी जितेन्द्र सिंह बघेल, परियोजना अधिकारी मृगेन्द्र सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक महेन्द्र शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
9 May 2021, 1:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.