
कटनी. जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में पुरुषों को अंदर जाने से रोकना एक महिला सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया है। प्रसूता के परिजनों ने महिला सिक्योरिटी गार्ड सहित एक सफाई कर्मी की बेदम पिटाई कर दी है। जिसकी हालत गंभीर है, उपचार जिला अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार बबली वंशकार नाम की प्रसूता ट्रामा सेंटर के प्रसूता कक्ष में प्रसव के लिए भर्ती है। रविवार को उसे देखने आए परिजन जबरदस्ती करके वार्ड में घुसने लगे। महिला सिक्योरिटी गार्ड किरण पटेल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और कहा कि मरीज के साथ वार्ड में सिर्फ एक व्यक्ति ही जा सकता है। रोकने पर परिजन किरण से अभद्रता करने लगे। कुछ समय बाद अन्य परिजन भी पहुंच गए और जमकर मारपीट कर दी। दो दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर मारपीट की है। मारपीट में किरण पटेल को चोट आई है जिसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। वहीं सफाई कर्मी नीरज बाल्मिक के साथ में भी मारपीट की गई। इस घटना से अस्पताल स्टॉफ व कर्मचारियों में आक्रोश है।
सूचना पर नहीं पहुंची पुलिस
कर्मचारियों ने बताया कि घटना के दौरान तत्काल अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई भी पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा और मारपीट करने वाले आरोपी वहां से भाग गए। घटना की जानकारी कर्मचारियों ने सीएस व ड्यूटी डॉक्टरों को दी। आरएमओ डॉ. राजेंद्र ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पीडि़त व कर्मचारियों ने कोतवाली थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि सफाई कर्मचारी व सिक्योरिटी गार्ड ने उनके साथ में अभद्रता की है।
इनका कहना है
इस मामले में दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दी है। दोनों की शिकायत पर मामले को जांच लिया गया है।
शैलेष मिश्रा, टीआइ कोतवाली।