
drinking water problem serious in Katni district
कटनी. पिछले दो दिनों से शहर के लोग पेयजल के लिए खासे परेशान हैं। शहर के अधिकांश हिस्से में बूंद-बूंद पानी (Drinking water) के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है। इसकी मुख्य वजह है शहर में दो दिनों से पेयजल की सप्लाई बाधित होना। (problem of drinking water) दो दिनों से नगर निगम का कटायेघाट स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बिजली में फॉल्ट के कारण बंद है। (nagar nigam katni) जिम्मेदार अधिकारियों की ऐसी बेपरवाही कि उन्हें पता तक नहीं कि वास्तविक कारण क्या है। इस पूरे मामले में नगर निगम आयुक्त और विद्युत विभाग के डीइ का गैरजिम्मेदाराना बयान सामने आया है। आयुक्त का कहना है कि जब शहर में बिजली ही नहीं है तो वो क्या कर सकते हैं। बिजली नहीं रहती तो पंप ही नहीं चालू होगा। वहीं इस मामले को लेकर डीइ विद्युत विभाग अभिषेक शुक्ला अनजान हैं। उनका कहना है कि उन्हें तो यह पता ही नहीं है कि बिजली डब्ल्यूटीपी की बिजली बंद है। उनका कहना था कि महज 15 मिनट ही बिजली बंद रही है। इस बेपरवाही का दंश शहर की जनता दो दिनों से प्यासे रहकर झेल रही है। गणेश चौक स्थित विद्युत कंपनी के कार्यालय से फिल्टर हाउस बमुश्किल चार किलोमीटर ही दूर है, लेकिन कर्मचारी फाल्ट न तो ढूंढ़ पाए और ना ही ठीक कर पाए। शहर में छोटी-बड़ी टंकी मिलाकर 30 टंकिया हैं इनसमें से 24 में पानी की सप्लाई बंद है। इतनी बड़ी समस्या के बाद भी नगर निगम निगम और विद्युत कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी बेपरवाही बने हुए हैं।
बुधवार रात से बंद है बिजली
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि फिल्टर हाउस की लाइट बुधवार की रात में एक बजे से बंद है। गुरुवार की सुबह विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अबतक सुधार नहीं हुआ। गुरुवार, शुक्रवार को पेयजल सप्लाई बाधित रही, वहीं शनिवार को भी समस्या जस की तस रहेगी। नगर निगम ऊपर वाले डब्ल्यूटीपी प्लांट से किसीतरह काम चलाया जा रहा है। उससे 30 फीसदी लोगों के लिए भी पानी नहीं पहुंच पा रहा।
इन बड़ी टंकियों में नहीं पहुंचा पानी
बिजली न होने से तिलक कॉलेज, बस स्टैंड, सिविल लाइन, डनहिल की बड़ी टंकियों में पानी नहीं भर पा रहा। शहर में दोनों समय में 32 एमएलडी से ज्यादा पानी की आवश्यकता है, नगर निगम 24 से 26 एमएलडी पानी ही दे पा रहा है। वहीं पिछले दो दिनों से 15 एमएलडी पेयजल की ही सप्लाई हो पा रही है। इसके अलावा निषाद शाला, आजाद चौक, कावसजी वार्ड, रंगनाथ मंदिर, कलेक्ट्रेट पानी की टंकी, माधवनगर की तीन टंकियां सहित अन्य 10 टंकियों में पानी नहीं जा पा रहा है।
इनका कहना है
पिछले दो दिनों से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट कटायेघाट की बिजली में फाल्ट के कारण बंद है। विद्युत विभाग में शिकायत के बाद भी सुधार कार्य नहीं किया गया। दो दिन से पेयजल सप्लाई मेन पंप से बंद है।
सुधीर मिश्रा, प्रभारी जल प्रदाय विभाग ननि।
जेइ द्विवेदी से बात हुई थी वे कह रहे थे कि मात्र 15 मिनट के लिए बंद हुई थी। सुधार कार्य करा दिया गया है। यदि दो दिन से नगर निगम के डब्ल्यूटीपी की लाइट बंद है तो कन्फर्म कर लेता हूं।
अभिषेक शुक्ला, डीइ, विद्युत विभाग।
आपके शहर में बिजली रहती नहीं है तो कैसे पानी की सप्लाई चालू हो। गुरुवार को कर्मचारी विसर्जन के कारण जगे हैं तो सब आराम कर रहे हैं। समस्या समाधान का प्रयास करते हैं।
आरपी सिंह, आयुक्त नगर निगम।
पिछले तीन दिन से लाइट बंद है। टंकियां नहीं भर पा रहीं। डीइ से चर्चा हुई है। सुधार कराने की बात कह रहे हैं। विद्युत विभाग की वजह से पूरा शहर परेशान है। कटौती भी बहुत ज्यादा हो रही है।
शशांक श्रीवास्तव, महापौर।
Published on:
14 Sep 2019, 12:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.