कटनी. जिले के चार बिजली विहीन गांवों को रोशन करने में विभाग को पसीना आ रहा है। दो विकासखंड के चार गांवों में बिजली पहुंचाने में जितना खर्च आ रहा है, उससे लाभांवित होने वालों व राजस्व मिलने की उम्मीद ही नहीं है। चार गांव में 44 घर ही शामिल हैं और उसे ढाई करोड़ के लगभग का खर्च सर्वे कराने के बाद सामने आया है। इसके चलते अब बिजली विभाग ने उन गांवों को सौर ऊर्जा से रोशन करने का प्रस्ताव तैयार कराया है।
जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के शाहडार, भदनपुर, खरेहटा और बहोरीबंद तहसील के हाथीपार गांव बिजली विहीन हैं। इन गांवों में बिजली पहुंचाने में जहां वन विभाग की जमीन आड़े आ रही है तो दूसरी ओर सर्वे के बाद चार गांव के 44 घरों तक बिजली पहुंचाने में विभाग को ढाई करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। इसके अलावा जंगल के बीच से केबिल डालने में आए दिन बिजली खराब होने व मेंटीनेंस का काम अधिक होने की परेशानी है।
शाहडार में मात्र आठ घर
बिजली विहीन गांव अपनी मूल पंचायतों से दूर जंगल के बीच में बसे हैं। ढीमरखेड़ा के शाहडार में मात्र 8 घर हैं तो भदनपुर में 10, खरेहटा में 14 और हाथीपार में केवल 12 घर की बस्ती है। अब इन गांवों में बिजली विभाग ने सौभाग्य योजना के तहत सौर ऊर्जा के जरिए बिजली पहुंचाने का प्रस्ताव तैयार किया है और उसमें काम भी प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके चलते उम्मीद है कि वर्ष 2018 में बिजली विहीन गांव भी रोशन हो सकेंगे। इस संबंध में अधीक्षण यंत्री, मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी पीके मिश्रा का कहना है कि जिले के चार बिजली विहीन गांवों में केबिल के जरिए बिजली पहुंचाने में खर्च अधिक आने और जंगल के बीच से केबिल ले जाने पर मेंटीनेंस अधिक होने की परेशानी है। इसके चलते चारों गांवों में सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली पहुंचाने प्रस्ताव बनाया गया है।