
police
कटनी. लॉक डाउन में पुलिस समझाइश के साथ सख्ती बरतने के बाद अब शासन के आदेश का उल्लंघन करने वालों पर मामले दर्ज कर रही है ताकि लोगों की कोरोना संक्रमण से सुरक्षा हो सके। उसके बाद भी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों मेंं लोग अपनी व परिवार की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुलिस ने सात दिनों में 60 लोगों के खिलाफ लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर मामला दर्ज किया है। फिर भी लोगों की स्थिति में सुधार नहीं आ रहा है। कोई प्रतिबंध के बाद भी चोरी से दुकान खोल रहा है तो कुछ बिना काम के घरों से बाहर घूमते मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटे में पुलिस ने जिले भर में 13 लोगों के खिलाफ फिर से लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी बार-बार घरों से बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई कर रही है। प्रतिदिन 10 से 15 वाहन चालकों को यातायात विभाग के माध्यम से नोटिस भेजे जा रहे हैं तो एएसपी के प्रतिवेदन पर पांच वाहन चालकों के वाहनों के पंजीयन भी एक माह के लिए परिवहन विभाग रद्द कर चुका है।
माधवनगर पुलिस ने पांच पर किया मामला दर्ज
शुक्रवार की देर रात तक माधवनगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ लॉक डाउन के उल्लंघन पर मामला दर्ज किया है। बंगला लाइन में राजू श्रीवास निवसी दुर्गा मंदिर के पास, खैबर लाइन में सच्चानंद लधवानी, दीपक लधवानी, महेश मोटवानी और शराब के साथ पकड़े गए अजीत रीझवानी पर आबकारी एक्ट के साथ लॉक डाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया। वहीं एनकेजे पुलिस ने रामप्रसाद चौधरी निवासी तिलक कॉलेज मोड़, स्लीमनाबाद पुलिस ने दुकान खोलने पर धरवारा निवासी रघुनंदन साहू, अवैध शराब के साथ पकड़े गए सलैया फाटक निवासी ललित बर्मन और बाकल पुलिस ने अवैध शराब के साथ लॉक डाउन का उल्लंघन करते पकड़े गए सुनमान सिंह लोधी निवासी सिंहुड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
इनका कहना है...
पुलिस लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने घरों से निकलने रोक रही है। लॉक डाउन का पालन न करने पर मामले भी दर्ज किए जा रहे हैं। लोग इस बात को गंभीरता से समझें और अपने घरों में सुरक्षित रहें। उससे ही हम खुद को अपने जिले को इस गंभीर बीमारी से बचा पाएंगे।
संदीप मिश्रा, एएसपी
Updated on:
21 Apr 2020, 11:01 PM IST
Published on:
21 Apr 2020, 11:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.