
Madhya Pradesh Foundation Day Program
कटनी. मध्यप्रदेश का 69वां स्थापना दिवस रविवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय में बस स्टैंड स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। मां सरस्वती के पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत की। मध्यप्रदेश गान का गायन किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति और प्रदेश की विविधता और विशेषता को प्रदर्शित करते अनेक रंगारंग, मनमोहक, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, एएसपी डॉ. संतोष डेहेरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, संयुक्त कलेक्टर निधि सिंह गोहल, डिप्टी कलेक्टर विवेक गुप्ता, एसडीएम प्रदीप कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, आयुक्त नगर निगम नीलेश दुबे सहित जिलास्तरीय विभाग प्रमुख अधिकारी व लोग मौजूद रहे।
प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान संस्कार भारती जबलपुर के कलाकारों द्वारा जल संरक्षण की जागरूकता नृत्य-नाटिका रहिमन पानी राखिए बिन पानी सब सून की प्रस्तुति देते हुए संरक्षण का संदेश दिया गया। बुंदेलखंड की माटी की तरोताजा याद दिलाती बुंदेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति ने समां बांध दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके अठ्या द्वारा देशभक्ति गीत, हम उस देश के वासी हैं जिस देश में गंगा बहती है… की प्रस्तुति ने सभी को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के रामनारायण सरावगी ने मानवता की बगिया का फूल खिलाना है, मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मनाना है की मनमोहक कविता सुनाई। संस्कार भारती स्कूल की छात्रा शुभि सेन द्वारा शिव तांडव पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कटनी सेवा समिति के वालेंटियर हितेन्द्र सोनी, सहित संस्कार भारती जबलपुर के समस्त कलाकारों एवं महिला बाल विकास की रंगोली की विजेता प्रतिभागी वैष्णवी कोरी, शिवानी कोरी एवं शिवानी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
चर्चाओं पर रहीं अनुपस्थिति
स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कलेक्टर, सहित प्रमुख जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति चर्चाओं में रही। कार्यक्रम में खाली कुर्सियां भी स्थापना दिवस की अधूरी तैयारी को बयां करती रहीं। इस मौके पर रंगोली बनाने वाला एक खेमा भी दूसरों को सम्मानित करने से असंतुष्ट रहा। कार्यक्रम में कई व्यवस्थाएं गड़बड़ होने से लोगों ने असहज महसूस किया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, डॉ. चित्रा प्रभात, जनपद बहोरीबंद अध्यक्ष लालकमल बंसल, जिला पंचायत से अजय गौंटिया, डॉ. रमेश सोनी, शिब्बू साहू, गोविंद चावला आदि मौजूद रहे।
Updated on:
4 Nov 2024, 8:47 PM IST
Published on:
4 Nov 2024, 8:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.