
Sarpanch husband is encroaching on government land
कटनी. तहसील क्षेत्र ढीमरखेड़ा अंतर्गत कुंसरी गांव में श्मशान घाट के लिए पड़ी भूमि पर गांव के सरपंच पति के द्वारा अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कलेक्टर और विधायक से की है। गांव के उपसरपंच रविन्द्र राजभर, पंच नीमा बाई, सरिता बाई, पुरुषोत्तम सिंह, तुलसीराम, वेंकट सिंह, ओमप्रकाश व राजेंद्र सिंह, मगन लाल, पूरन तिवारी, गोवर्धन प्रसाद, बद्री प्रसाद, सुखदेव, ललित, मोहन सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर एसबी सिंह और बड़वारा विधायक विजयराघवेंद्र सिंह से शिकायत कर बताया कि ग्राम पंचायत बरहटा के सरपंच पति लखन बागरी के द्वारा पंचायत अंतर्गत कुंसरी गांव में खसरा नम्बर 38 में श्मशान की भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से मकान का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिस पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों ने ढीमरखेड़ा एसडीएम और तहसीलदार के पास शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक विजयराघवेंद्र सिंह ने कलेक्टर एसबी सिंह को मामले की जांच कर कार्रवाई करने कहा है।
युकां अध्यक्ष ने एसडीएम को लिखा पत्र
सरपंच पति लखन बागरी द्वारा अतिक्रमण किये जाने की शिकायत के बाद युकां ढीमरखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू शुक्ला ने भी मामले पर संज्ञान लिया है। ढीमरखेड़ा एसडीएम को पत्र लिखकर सरपंच पति द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य में रोक लगाने कहा है। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों के निस्तार के लिए श्मशान की भूमि पड़ी है जिस पर भी सरपंच पति द्वारा कब्जा जमाया जा रहा है। इस संबंध में सरपंच पति लखन बागरी का कहना है कि हमारे द्वारा कब्जा नहीं किया गया। ग्रामीणों ने झूठी शिकायत की है। वहा पर राशन दुकान बनवाई जा रही है।
इनका कहना है
कुंसरी में सरपंच पति द्वारा अतिक्रमण किये जाने की शिकायत मिली है। पटवारी के द्वारा इसकी जांच कराई जा रही है। जांच प्रतिवेदन मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मी प्रसाद अहिरवार, नायब तहसीलदार
Updated on:
28 Sep 2019, 12:00 PM IST
Published on:
28 Sep 2019, 11:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.