23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Katni News : घर में राखी की तैयारी में लगीं थीं 2 बहनें, एक-एक कर तोड़ दिया दम

Sisters Preparing For Rakhi Lose Their Lives : कटनी के बहोरीबंद के पास दो सगी बहनों की मौत , घर में चल रही थी राखी की तैयारी
2 min read
Google source verification

कटनी

image

deepak deewan

Aug 23, 2026

कटनी में राखी के पहले दो सगी बहनों की दुखद मौत

कटनी में राखी के पहले दो सगी बहनों की दुखद मौत- Demo Pic - फोटो सोर्स : AI@Grok

Katni Rakhi News : भाई बहन के स्नेह का महापर्व रक्षाबंधन पास आ चुका है। त्योहार की तैयारियां तेज हो गई हैं। बहनें राखी रुमाल खरीद रहीं हैं और भाई उनके लिए अच्छा तोहफा तलाश रहे हैं। घरों में राखी के परंपरागत पकवान बनने लगे हैं। इसी गहमागहमी के बीच कटनी में दो सगी बहनों की मौत हो गई। पास के एक गांव में रहनेवाली दोनों बहनों ने एक एक कर दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों को रात में सोते समय सांप ने काट लिया था। इससे उनकी मौत हो गई। रक्षाबंधन के महज 5 दिन पहले मासूम बहनों की मौत से गांव भर में मातम है। दोनों बहनें भी राखी की तैयारी में लगी थीं लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।

कटनी के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में यह दुखद घटना घटी। यहां सर्प ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाके के ग्राम बडखेरा (नीम) में घर में सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सर्प ने काट लिया। हादसे में तीन वर्षीय छोटी बहन आयुषी की घर पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दीपिका ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

आयुषी और दीपिका रात को घर में सो रही थीं

पुलिस के अनुसार गांव के राजेंद्र भुमिया की पुत्रियां आयुषी और दीपिका रात को घर में सो रही थीं। इसी दौरान दोनों बहनें सर्पदंश की शिकार हो गईं। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे परिजनों को इसकी जानकारी हुई।

आयुषी की तो घर पर ही मौत हो गई, जबकि दीपिका को परिजन आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।

राखी पर दो सगी बहनों के यूं चले जाने से पूरे गांव में शोक पसरा

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं दो बच्चियों की मौत से परिजनों में मातम छा गया है। भाई बहन के त्योहार राखी पर दो सगी बहनों के यूं चले जाने से पूरे गांव में शोक पसरा है। आयुषी (3) और दीपिका (12) की मौत से बडखेरा (नीम) में पर्व का उत्साह फीका पड़ गया है। ग्रामीण कह रहे हैं कि दोनों बहनों का चेहरा बार-बार याद आ रहा है, उन्हें भुला नहीं पा रहे हैं।