
Former CSP Neha Pacchisia- image source Neha Pacchisia X account
Neha Pacchisia : कटनी की पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया पर गिरफ़्तारी की तलवार लटकी है। उन्हें अभी कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिल सकी है। नेहा पच्चीसिया और उनके करीबी क्षितिज राज बारापत्रे की ओर से अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय में आवेदन दिया गया था लेकिन शनिवार को उसपर सुनवाई नहीं हो सकी। ऐसे में आरोपियों पर दबाब बढ़ गया है। भ्रष्टाचार मामले में केस दर्ज होने की भनक लगते ही पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया फरार हो गई थीं। तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। एक टीम राजस्थान भी पहुंची है।
कटनी की सीएसपी रहते हुए नेहा पच्चीसिया पर हत्या के एक मामले में दबाव बनाकर एक करोड़ की जमीन अपने करीबी के नाम पर महज 18 लाख रुपए में खरीदने का आरोप है। जांच में सामने आया कि उन्होंने हत्या के आरोपी रमेश लोधी को 2 दिनों तक अपने सरकारी आवास में ही रखा। रजिस्ट्री कराने के लिए सीएसपी नेहा पच्चीसिया उसे अपनी सरकारी गाड़ी से ही ले गई।
आरोपी रमेश ने बाद में जमीन का नामांतरण रोकने का आवेदन देते हुए मामले की सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। इस पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने उसे धमकाया कि जेल जाने से बचने के लिए उसे 75 लाख रुपए और देने होंगे। आरोपी रमेश ने इससे मना कर दिया तो उसके परिजन, दामाद पर भी केस दर्ज जेल भिजवा दिया।
इस बीच पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया गिरफ़्तारी से बचने के लिए हर जतन कर रही है। हालांकि उन्हें शनिवार को कोर्ट से राहत नहीं मिल सकी। पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और उनके करीबी बताए जा रहे क्षितिजराज बारापात्रे ने अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय में आवेदन दिया था।
जानकारी के अनुसार न्यायालय में पेश की गई केस डायरी में भ्रष्टाचार से संबंधित धाराएं बढऩे के कारण प्रकरण अब स्पेशल न्यायालय के समक्ष विचारण के लिए भेजा गया है। आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी विशेष कोर्ट ही सुनेगा। मामले में सोमवार को सुनवाई होने की संभावना है।
इधर पुलिस ने पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी की कोशिश तेज कर दी है। इस काम के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। एक टीम को राजस्थान तक भेजा गया है। पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया की जबलपुर में भी तलाश की जा रही है। आसपास के कुछ अन्य शहरों में भी आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात कही गई है।
Updated on:
23 Aug 2026 07:56 am
Published on:
23 Aug 2026 07:55 am
