
ग्रामीण जल प्रदाय योजना की देखरेख महिला स्व सहायता समूहों के जिम्मे (प्रतीकात्मक फोटो)
कटनी. घर-घर टैप वॉटर कनेक्शन अभियान से अब महिला स्व सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा। ये स्व सहायता समूह की महिलाएं ही ग्रामीम जल प्रदाय योजना की देखरेख करेंगी। इन समूहों की जिम्मेदारी होगी कि घर-घर टैप वॉटर कनेक्शन पहुंचे और जल खर्च के एवज में देय का भुगतान हर घर से सुनिश्चित हो।
इस संबंध में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश जारी किया है। स्व सहायता समूह की महिलाओं को योजना की जानकारी देने के लिए जिला पंचायत सभागार में ग्रामीण जल प्रदाय योजना क्रियान्वयन एवं प्रबंधन विषयक कार्यशाला का आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी विकासखंडों के 46 सदस्यों ने शिरकत किया। कार्यशाला मे सीईओ जिला पंचायत जगदीश चंद्र गोमे ने जल जीवन मिशन के उदृदेश्य बताए। उन्होंने कहा कि हर घर तक जल पहुंचे और उपयोगकर्ता निर्धारित समय पर बिल का भुगतान करें, इसके लिए समूह के सदस्य लगातार उपभोक्ताओं के संपर्क में रहेंगी। साथ ही कर वसूली व अन्य व्यवस्था बनाने मे सहयोग करेंगी।
इस मौके पर मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए नित्य नए काम शासन प्रशासन स्तर से सौंपे जा रहे हैं। इसी कड़ी मे नल जल योजना का संचालन भी स्वसहायता समूह को सौंपा जा रहा हैं।
कार्यशाला में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार विवेक सिंह ने जलराशि, पेयजल व स्वच्छता समिति का गठन, नल जल योजना अंतर्गत कनेक्शन के प्रकार, जल कर राशि, पेयजल की उपयोगिता, पेयजल की शुद्वता पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही स्वंय सिद्वा समिति जिला परियोजना समन्वयक नंद किशोर कुशवाहा ने नलजल योजना के व्यापक प्रचार प्रसार, जन जागरूकता अभियान, जल संरक्षण, सवंर्धन व जलप्रदाय की सर्विस लाइन में टूटफूट की मरम्मत तथा अन्य व्यवस्थाओ के संबंध मे विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन कमलेश सैनी ने जल संरक्षण एवं सवंर्धन के साथ साथ स्वच्छता का भी ध्यान रखने की सलाह दी। जिला प्रबंधक कृषि एनआरएलएम रामसुजान द्विवेदी ने नलजल योजना का उददेश्य, क्रियान्वयन स्वसहायता समूह और ग्राम संग्ठन की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।
Published on:
21 Nov 2021, 1:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.