
Pc- DS Yadav X
Kaushambi Crackers Factory: कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में दूसरे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व पटाखा फैक्ट्री के मालिक को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था, जबकि उसके बेटे आदिल को भी गुरुवार की सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आदिल के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गुरुवार की सुबह पुलिस की घेराबंदी के दौरान आदिल ने अवैध असलहे से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया है।
कौशांबी पुलिस ने बताया है कि अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के मामले में मुख्य आरोपी और फैक्ट्री के मालिक नौशाद को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, उसके बेटे आदिल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि आरोपी आदिल बाइक से शहर छोड़ने की फिराक में है। इसके बाद गुरुवार की सुबह कमालपुर बरेठी नहर के पास नाकाबंदी की गई और बाइक से आदिल आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रूकने का इशारा किया इसी दौरान उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और बाइक से गिर पड़ा। इसी दौरान पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आदिल के दोनों पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
दरअसल 31 अगस्त को मनौरी एयर फोर्स स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट में 9 बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, मंगलवार को पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक नौशाद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि नौशाद शहर छोड़ कर भागने की फिराक में था। इसी दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं,मंगलवार की रात में बुलडोजर की मदद से आरोपियों के मकान पर भी कार्रवाई की जा चुकी है। सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आसपास के तीन मकान ढह गए थे, जबकि पांच मकान में दरार पड़ गई थी।
वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने पर एक इंस्पेक्टर छह दारोगा समेत नौ पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, अभी तक फैक्ट्री में विस्फोट किन कारणों से हुआ था, इसकी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। वहीं,विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था और अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनमें फैक्ट्री का मालिक नौशाद और उसका बेटा आदिल शामिल हैं।
Updated on:
03 Sept 2026 09:49 am
Published on:
03 Sept 2026 09:49 am
