
6 जून को शुरू होगा हाइटेक बस स्टैंड (Photo Patrika)
Kawardha News: कवर्धा में करीब आठ वर्ष से उद्घाटन और संचालन की राह देख रहा कवर्धा का हाईटेक बस स्टैंड आखिरकार आबाद होने जा रहा है। 6 जून से शहर की बस सेवाओं का संचालन नए हाईटेक बस स्टैंड से शुरू होगा। इसके साथ ही लंबे समय से अधर में लटकी यह बहुप्रतीक्षित परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है।
आठ वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे नगरवासियों के लिए यह केवल बस स्टैंड का शुभारंभ नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था और भविष्य के विकास की नई शुरुआत माना जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि पुराने बस स्टैण्ड से नए हाईटेक बस स्टैंड में संचालन स्थानांतरित करने के लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया है।
साथ ही पुलिस, परिवहन विभाग, यातायात शाखा, बस ऑपरेटरों और ऑटो-टैक्सी यूनियनों के साथ आवश्यक समन्वय भी स्थापित कर लिया गया है। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच नए बस स्टैंड का संचालन राहत भरी खबर है। वर्तमान में रायपुर, पंडरिया, बोड़ला और अन्य मार्गों की यात्री बसों के शहर के भीतर प्रवेश से अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। नए बस स्टैंड के शुरू होने से भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम होगा। इससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
कवर्धा शहर के बाहरी हिस्से में बायपास मार्ग पर 10.5 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण वर्षों पहले पूरा हो गया था। हालांकि विभिन्न कारणों से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका और समय के साथ यह परिसर उपेक्षा का शिकार होता चला गया। इसे प्रारंभ कराने के लिए ठाकुरदेव चौक से बस स्टैण्ड तक 11 करोड़ की लागत से सडक़ निर्माण कराया गया ताकि आवागमन सुलभ हो सके। अब नगर पालिका और प्रशासनिक स्तर पर हुई तैयारियों के बाद इसे शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
Published on:
05 Jun 2026 02:59 pm
बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
