30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gold Smuggling: पश्चिम बंगाल की सीमा पर सोने की बड़ी खेप पकड़ी, 25 करोड़ रुपए के गोल्ड के साथ महिला हिरासत में

West Bengal Gold Smuggling: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बीएसएफ ने बांग्लादेश तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद किया। जब्त सोने की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई गई है और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
2 min read
Google source verification
West Bengal Gold Smuggling

गश्त करते जवान। फाइल फोटो- पत्रिका

West Bengal News: भारत से बांग्लादेश में बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नाकाम कर दिया। नदिया जिले के बनपुर सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बीएसएफ की 32वीं बटालियन के जवानों ने करीब 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद किया। जब्त सोने की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बीएसएफ को पहले से सूचना मिली थी कि बनपुर सीमा क्षेत्र के रास्ते बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की जा सकती है।

इलाके में बढ़ाई निगरानी

सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। रात के समय सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में लगातार निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान जवानों की नजर एक स्थानीय महिला की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। महिला के लगातार संदिग्ध तरीके से घूमने पर जवानों को शक हुआ। इसके बाद उसे घेरकर हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से बड़ी मात्रा में सोना बरामद हुआ।

बरामद सोना जब्त किया

बीएसएफ के अनुसार पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर सोने की तस्करी की योजना के बारे में जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बरामद सोना सीमा पार बांग्लादेश भेजने के उद्देश्य से सीमा क्षेत्र में लाया गया था। कार्रवाई के बाद बीएसएफ ने बरामद सोना जब्त कर लिया और महिला को हिरासत में ले लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना महिला तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन सा तस्करी गिरोह सक्रिय है।

सरगना तक पहुंचने की कोशिश

जांच का दायरा बढ़ाते हुए बीएसएफ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोना कहां से लाया गया था, सीमा पार करने के बाद इसे कहां पहुंचाने की योजना थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के जरिए गिरोह के कथित सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद बनपुर समेत भारत-बांग्लादेश सीमा के संवेदनशील इलाकों में बीएसएफ ने निगरानी और गश्त और कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों को रोकने के लिए सतर्कता लगातार बढ़ाई जा रही है।