
West Bengal Coal Smuggling : ईडी ने कोयला तस्करी मामले में बंगाल के पांच आईएएस को भी किया तलब
सीधे मुख्यमंत्री के नियंत्रण में कार्यरत बीपी गोपालिका भी शामिल
कोलकाता
West Bengal Coal Smuggling :पश्चिम बंगाल के आठ आईपीएस अधिकारियों के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोयला तस्करी मामले में राज्य के पांच आईएएस (IAS )अधिकारियों को भी तलब किया है। केन्द्रीय जांच एजेंसी से मिली खबर के अनुसार गुरुवार को सभी को पत्र भेजा गया है। पत्र में उन्हें दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय में हाजिर होने को कहा गया है। इनमें आईएएस अधिकारी बीपी गोपालिका शामिल हैं। वे वर्तमान में राज्य के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं, जो सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नियंत्रण में हैं। बाकी चार आईएएस अधिकारी बंगाल के पश्चिम बर्दवान और पुरुलिया जिले के बड़े पदों पर तैनात हैं। उक्त दोनों जिले कोयला तस्करी का केंद्र माना जाता है। ईडी ने आठ आईपीएस अधिकारियों की तरह उक्त पांच आईएएस अधिकारियों को भी 21 से 31 अगस्त के बीच अपने दिल्ली स्थित कार्यालय में बुलाया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईडी ने गुरुवार को कोयला तस्करी मामले में पूछताछ करने के लिए बंगाल के आठ आईपीएस अधिकारियों को अगले सप्ताह से बारी-बारी से दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में हाजिर होने के लिए कहा है। उक्त सभी आईपीएस अधिकारी राज्य के बड़े पद पर तैनात हैं।
Published on:
11 Aug 2022, 11:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.