
ममता बनर्जी। फाइल फोटो- पत्रिका
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन देने के तुरंत बाद हुई इस पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ममता बनर्जी ने इस पूरी कार्रवाई को बीजेपी की बदले और दमन की राजनीति का पुराना फॉर्मूला करार दिया।
उन्होंने सवाल उठाया कि जैसे ही विपक्षी दलों ने एक-दूसरे का साथ देने का ऐलान किया, वैसे ही अचानक एक पुराना केस खोलकर यह गिरफ्तारी क्यों की गई? ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि वोटों की धांधली, डराने-धमकाने की राजनीति और 'चुनाव एजेंसी-बीजेपी' की साठगांठ से देश में लोकतंत्र का हर दिन गला घोंटा जा रहा है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को शुक्रवार को पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व मेदिनीपुर जिला पुलिस के अधिकारी के अनुसार, प्रधान के खिलाफ पहले से वारंट जारी था और उसी के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के कुछ घंटे पहले ही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट ने नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले विपक्ष को खत्म करना चाहती है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि इस तरह राज्य में विपक्ष की राजनीति को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा के पूर्व मेदिनीपुर जिला नेतृत्व ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गिरफ्तारी से उसका कोई संबंध नहीं है। नंदीग्राम के अलावा मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 9 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी गुट वाली तृणमूल कांग्रेस को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा। तृणमूल कांग्रेस की गुटीय लड़ाई के बीच ममता खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने अपना नामांकन वापस ले लिया।
Updated on:
18 Sept 2026 09:35 pm
Published on:
18 Sept 2026 09:24 pm
