
सांसद महुआ मोइत्रा। फाइल फोटो- पत्रिका
Egg Attack in West Bengal: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में सांसद महुआ मोइत्रा पर हुए अंडों से हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कृष्णनगर से लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को तेहट्टा थाने में भारतीय जनता पार्टी के आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना 16 सितंबर की है, जब वह तेहट्टा में एक दलीय बैठक में शामिल होने गई थीं। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में महुआ मोइत्रा ने तेहट्टा-I ब्लॉक के पंचायत समिति प्रमुख और उप प्रमुख समेत आठ बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया है।
नादिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। दूसरी ओर, बीजेपी के स्थानीय नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहट्टा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक सुब्रत कविराज ने कहा कि इस घटना में बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता या समर्थक शामिल नहीं था। उन्होंने दावा किया कि महुआ मोइत्रा द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर की गई विवादित टिप्पणियों को लेकर आम लोगों में भारी आक्रोश था और बुधवार को जो कुछ भी हुआ, वह जनता का स्वाभाविक गुस्सा था।
इससे पहले बुधवार को महुआ मोइत्रा ने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए आरोप लगाया था कि बीजेपी पदाधिकारियों ने उनकी बैठक के स्थान को घेर लिया था और जब वह लौटने लगीं तो उनके काफिले को निशाना बनाकर अंडे फेंके गए। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता की हालिया टिप्पणी का जिक्र करते हुए महुआ ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने गोलियां खाई थीं, इसलिए नेताओं को अंडों के हमले से डरना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, मैं बुधवार को एक आजाद देश की सांसद भी थी और एक स्वतंत्रता सेनानी भी। यह आम जनता नहीं, बल्कि बीजेपी के कार्यकर्ता थे जिन्होंने मेरे काफिले पर अंडे फेंके।
महुआ मोइत्रा ने तेहट्टा थाने के प्रभारी अधिकारी सुप्रिय रंजन माजी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी का यह बयान झूठा है कि उन्हें सांसद के आने की जानकारी नहीं थी। महुआ के मुताबिक, नादिया के पुलिस अधीक्षक ने उनकी तेहट्टा यात्रा का पत्र थाना प्रभारी को भी भेजा था। सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि क्या पुलिस अधिकारी को भी बीजेपी की तरह 'शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस' की बीमारी हो गई है?
Updated on:
18 Sept 2026 08:07 pm
Published on:
18 Sept 2026 07:21 pm
